Spread the love

शिमला। भाजपा की चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल आ रहे हैं। नड्डा 5 जनवरी को सोलन व शिमला में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। सोलन में जेपी नड्डा रोड शो भी करेंगे। दोनों ही जगहों पर जेपी नड्डा का नागरिक अभिनंदन समारोह भी होगा। शिमला में नागरिक अभिनंदन के बाद व प्रदेश भाजपा की कोर ग्रुप की बैैठक को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि कोर ग्रुप की बैठक में जेपी नड्डा जहां नेताओं को चुनाव में जीत का मंत्र देंगे, वहीं उनसे चुनावी तैयारियों को लेकर अब तक संगठन की तैयारियों का जायजा लेंगे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि भाजपा ने राजस्थान, छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश में जेपी नड्डा की अध्यक्षता व पीएम मोदी के नेतृत्व में प्रचंड जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों की चुनावी जीत के बाद हिमाचल के लोग नड्डा का अभिनंदन करेंगे।

उन्होंने बताया कि शिमला संसदीय क्षेत्र के लोग सोलन व शिमला में जगत प्रकाश नड्डा का स्वागत करेंगे। नड्डा 5 जनवरी को पहले सोलन पहुंचेंगे सोलन में प्रात: 9 बजे सोलन मॉल रोड पर रोड शो एवं अभिनंदन समारोह होगा। इसके बाद दोपहरबाद एक बजे होटल पीटरहॉफ शिमला में अभिनंदन समारोह होगा। सांय काल 6 बजे प्रदेश भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक को संबोधित करेंगे।

डॉ. राजीव बिन्दल ने कहा कि तीन बड़े राज्यों में भाजपा की शानदार जीत ने देश का संपूर्ण माहौल भाजपामय कर दिया है और नरेन्द्र मोदी देश के अभिजीत नेता के रूप में उभरे हैं। उन्होंने कहा कि 2024 का वर्ष एक बार फिर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का वर्ष शुरू हुआ है और मोदी व भाजपा के साथ ही देश की तरक्की सुनिश्चित होनी है। नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को दुनिया का सबसे श्रेष्ठ राष्ट्र बनाने का काम शुरू किया है और हम सब लोगों को मिलकर उसे पूरा करना है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *