शिमला। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक मौकापरस्त और झूठ बोलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में सत्ता संभाली है, तब से वह केवल मात्र झूठ बोल रही है। कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जिस प्रकार से मंडी में 31करोड़ रुपए की राशि बांट रहे है्, वो राशि केंद्र द्वारा भेजी गई है। इसके तथ्य उनके पास हैं।
राणा ने कहा कि सुक्खू केवल बयानबीर बने फिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शायद कांग्रेस के नेताओं को यह तकलीफ है कि मंडी जिले से केवल एक ही विधानसभा सीट उनकी झोली में आई है। कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह को भी यही तकलीफ है कि मंडी संसदीय क्षेत्र ने कांग्रेस का साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जनता का साथ न देना, एक नेता के लिए ग्राफ गिरने जैसा होता है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि प्रतिभा सिंह को आगामी लोकसभा चुनाव से डर लग रहा है।
अजय राणा ने कहा कि आज कांग्रेस के नेता मंडी संसदीय क्षेत्र के साथ भेदभाव कर रहे हैं। चले चलाए कॉलेज, यूनिवर्सिटी को ठप करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संसदीय हलके की सड़कें न ठीक करके जनता को असुविधा प्रदान कर रहे हैं। आज सड़कें खुद बोल रही हैं कि उनके हाल क्या हैं। उन्होंने कहा कि कुछ चीजें छुपती नहीं हैं।
राणा ने कहा कि कांग्रेस की सांसद प्रतिभा सिंह क्षेत्र से पिछले चार साल से गायब थी और आज क्षेत्रों के लोगों की हमदर्द बनी फिर रही हैं। उन्होंने कहा कि वे प्रतिभा सिंह से केवल यह अनुरोध करते हैं कि जो महिलाओं को उन्होंने 1500 रुपए देने का वादा किया था, उसको पूरा करें। आज एक वर्ष में 4000 करोड़ रुपए की देनदारी इन भोली भाली महिलाओं के प्रति हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह भी एक महिला हैं और उनको भी महिलाओं का दर्द समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह कांग्रेस पार्टी में एक मूर्ति की तरह बनकर रह गई हैं।
