शिमला। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के तहत शलून कैंची में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में कार गहरी खाई में गिर गई। नतीजतन 4 युवाओं की मौत हो गई। इनमें 2 युवक और 2 युवतियां शामिल हैं। वहीं एक युवती घायल हुई है और उसे रामपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी अस्पताल शिमला रैफर किया गया है। पुलिस ने रामपुर अस्पताल में शवों को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस सूचना के अनुसार रामपुर सब डिवीजन के देवठी से बीती शाम बारात क्लेडा गई थी। बुधवार सुबह 5 युवक-युवतियां कार में शादी से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान क्लेडा-मझेवठी सड़क पर शलून कैंची में कार (एचपी06बी-3901) अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 500 मीटर गहरे नाले में जा गिरी। इस हादसे में चार युवाओं की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हादसे में मारे गए युवाओं में अविनाश मेहता, पुत्र देवेंद्र मेहता गांव चकली, देवठी, रामपुर, सुमन, पुत्र भाग चंद गांव कुखी, दरकाली, रामपुर, हिमानी, पुत्री दलीप सिंह गांव कुखी, दरकाली, रामपुर और संदीप, पुत्र चेतराम गांव कुखी, दरकाली, रामपुर की मौके पर मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में शिवानी, गांव कुखी, दरकाली, रामपुर गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
