Spread the love
शिमला। हिमाचल की सड़कों पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। इससे कई लोगों की जानें हर साल जाती है। हादसों को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जाते हैं ओर क्रैश बैरियर लगाने का कार्य भी किए जा रहे हैं, लेकिन हादसे कम नही हो रहे हैं। खासकर पहाड़ी इलाकों में रात के वक्त गाड़ी चलाना और भी ज्यादा मुश्किल होता है। इसे देखते हुए हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर ड्राइविंग को आसान बनाने के लिए अब हिमाचल प्रदेश सरकार सड़कों पर नाइट ग्लो पेंट लगाने पर विचार कर रही है। यह पेंट रात के वक्त सड़क पर रेडियम की तरह चमकेगा। इससे ड्राइवर को अपनी लेन का अंदाजा सहजता से हो सकेगा। नाइट ग्लो पेंट का विदेशों में इस्तेमाल किया जाता है। उसी को देखते हुए अब लोक निर्माण विभाग भी हिमाचल प्रदेश में इसका ट्रायल किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नाइट ग्लो पेंट का इस्तेमाल शुरू करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वक्त में यह तकनीक ऑस्ट्रेलिया में इस्तेमाल हो रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार भी सड़कों पर नाइट ग्लो पेंट लगाने के बारे में विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि शुरूआती दौर में यह सफल रहा, तो प्रदेशभर की सड़कों पर नाइट ग्लो पेंट नजर आएगा। इसका मकसद हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर दुर्घटनाओं को कम से कम करना है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क हादसे काफी ज्यादा होते हैं और इसे देखते हुए हादसों को रोकने को सरकार इस दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों को रोकने के लिये उनका विभाग पुलिस विभाग से मिलकर काम कर भी रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ब्लैक स्पॉट भी चिन्हित किए जा रहे हैं और वहां क्रैश बैरियर भी लगाए जा रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *