शिमला। लोक निर्माण विभाग एवं युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को यहां शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में घणाहट्टी के समीप ग्राम पंचायत नैहरा में नाबार्ड के सौजन्य से एक करोड़ 86 लाख रुपए से निर्मित Nehra-Shaltu-Durgot 5.5 km संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया।
विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों को सुदृढ़ बनाने के लिए कटिबद्ध है ताकि ग्रामीणों को अपने उत्पाद निकटतम मंडियों में पहुंचाने में असुविधा ना हो और उनकी आय में वृद्धि संभव हो सके। उन्होंने इस सड़क पर हिमाचल पथ परिवहन निगम कि बस को हरी झंडी भी दिखाई और इस सड़क को थाची क्षेत्र के साथ जोड़ने का आश्वासन दिया ताकि दुर्गम क्षेत्र के लोगों को सड़क का लाभ मिल सके।
इसके उपरांत विक्रमादित्य सिंह ने 700000 रुपए से निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का लोकार्पण किया और उपस्थित कन्याओं का अन्नप्राशन किया और एक बूटा बेटी के नाम पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए हर संभव कार्य किए जा रहे हैं और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का उन्हें मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने के लिए आभार व्यक्त किया।
विक्रमादित्य सिंह ने नैहरा में पटवार वृत्त शीघ्र खोलने का आश्वासन दिया और खेल मैदान को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने का वादा किया। उन्होंने बताया कि जन संवाद के माध्यम से वे क्षेत्र के लोगों से भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखेंगे और शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र स्थापित करेंगे।
उन्होंने बताया कि कटासनी इंडोर स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज स्थापित की जाएगी और युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित किया जाएगा ताकि वे वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में सकारात्मक दृष्टिकोण अपना सके और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें।
इससे पूर्व स्थानीय पंचायत प्रधान सुमन शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत करवाया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सोहन लाल, ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रभा वर्मा, जिला परिषद सदस्य मदन वर्मा, तहसीलदार ग्रामीण संजीव गुप्ता, अधिकारीगण व पंचायत जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
