शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस सोमवार से प्रदेशभर में हल्ला बोल आंदोलन शुरू करेगी। इसके तहत राज्यभर में प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के दवाब में राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता जल्दबाजी में रद्द की गई है और इसका कांग्रेस कड़ा विरोध करती है।
प्रतिभा सिंह ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि लोकसभा से राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करवाना भाजपा की निम्न मानसिकता को दर्शाता है और यह जनादेश का अपमान है। उन्होंने कहा कि सूरत कोर्ट में मानहानि के फैसले के खिलाफ कांग्रेस शीर्ष न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश की कांग्रेस राहुल गांधी के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई भी षड्यंत्र राहुल गांधी के “भारत बचाओ व संविधान बचाओ” के संकल्प को कमजोर नही सकता।
प्रतिभा सिंह ने भाजपा नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि वह न तो देशवासियों की आवाज दबा सकते हैं और न ही कांग्रेस की। उन्होंने कहा कि देश भाजपा के अलोकतांत्रिक व तानाशाही रवैये को देख रहा है। उन्होंने कहा कि अडानी मामले से लोगों का ध्यान हटाने के लिये राहुल गांधी को सदन में बोलने से रोकने के लिए उन्हें संसद से बाहर किया गया है, लेकिन कांग्रेस उनकी आवाज और इस मामले की जेपीसी जांच की मांग और भी प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय सहन नहीं करेगी।
