Spread the love
शिमला। भाजपा शिमला मंडल ने सोमवार को राजधानी के संजौली में सरकार के डिनोटिफिकेशन के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। इस अभियान में भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष संजय सूद और भाजपा सह मीडिया प्रभारी करण नंदा विशेष रूप में उपस्थित रहे।
भाजपा सह मीडिया प्रभारी करण नंदा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में डिनोटिफिकेशन एक्सप्रेस नाम की सरकार चल रही है। जब से कांग्रेस सरकार सत्ता में आई है, प्रदेश में 620 से अधिक कार्यालय डिनोटिफाई कर दिए, जबकि इन कार्यालय के खुलने से जनता को बहुत लाभ हो रहा था। उन्होंने कहा कि इन कार्यालयों को जनता की मांग पर खोला गया था और सभी प्रकार की स्वीकृति के बाद इन्हें खोला गया था। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश सरकार के यही हाल रहे तो बड़ी जल्दी जनता ही प्रदेश सरकार को डिनोटिफाइड कर देगी।
नंदा ने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से राजधानी में स्मार्ट सिटी के करोड़ों के काम ठप पड़े हैं। कहीं ओवरब्रिज बन रहे थे और कहीं फुटपाथ बन रहे थे, पर इनके काम ठप हो गए हैं। उन्होंने कहा कि संजौली में ओवरब्रिज, लक्कड़ बाजार में लिफ्ट और हिमलैंड के पास ओवरब्रिज का काम ठप पड़ा है। उन्होंने कहा कि बड़े परिश्रम के बाद संजौली चौकी को थाना बनाया गया था और यह तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने जनता की इस लंबित मांग को पूरा किया था, पर जैसे ही यह कांग्रेस सरकार आई तुरंत ही संजौली थाने को फिर से एक बार चौकी बना दिया क्या।
उधर, शिमला से भाजपा प्रत्याशी संजय सूद ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बदला-बदली की भावना से काम कर रही है और इस प्रकार से काम किया तो हिमाचल के विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का शिमला मंडल और शिमला की जनता सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चला रही है।
वहीं, मंडल महामंत्री गगन लखनपाल ने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा ने हस्ताक्षर अभियान की मुहिम चलाई है। इसके अंतर्गत शिमला मंडल ने हस्ताक्षर अभियान का आयोजन संजौली में किया, जहां प्रदेश सरकार ने संजौली थाने को डिनोटिफाई कर संजौली चौकी घोषित कर दिया।
इस हस्ताक्षर अभियान में गौरव कश्यप, सुशील चौहान, किमी सूद, शैली, बृज सूद, संजीव ठाकुर, संदीप सूद, अनूप वैद्य, हनीश चोपड़ा, संगीता, पीसी सूद, गौरव सूद, कल्पी शर्मा उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed