Spread the love
हमीरपुर। बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बणी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया तथा मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कदम उठा रही है। प्रदेश सरकार के इन प्रयासों के जल्द ही अच्छे परिणाम सामने आएंगे और हिमाचल में एक आदर्श शैक्षणिक ढांचा विकसित होगा। इंद्र दत्त लखनपाल ने बताया कि हाल ही में आयोजित विधायक प्राथमिकताओं की बैठक में भी इस पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया और मुख्यमंत्री ने तत्काल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को प्रदेश के सभी स्कूलों में सभी विद्यार्थियों को डैस्क उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र के शेष स्कूलों को भी जल्द ही डैस्क उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।

लखनपाल ने कहा कि आज के दौर में नशीले पदार्थों का सेवन और तस्करी बहुत बड़ी समस्या बन चुकी है। विशेषकर, हमारी युवा पीढ़ी तेजी से इसकी चपेट में आ रही है। इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए प्रत्येक नागरिक का सक्रिय योगदान बहुत जरूरी है। इंद्र दत्त लखनपाल ने शिक्षकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे हमेशा सतर्कता बरतें तथा खेलकूद, एनसीसी, एनएसएस, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दें।
इस अवसर पर इंद्र दत्त लखनपाल ने स्कूल में स्टेज के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये और बास्केटबाल कोर्ट के निर्माण के लिए दस लाख रुपये का प्रावधान करने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
इस मौके पर ‘किसमें कितना है दम : टैलेंट का महासंग्राम’ प्रतिस्पर्धा के पुरस्कार विजेता सातवीं कक्षा के विद्यार्थी सक्षम बंसल ने अपने हाथों ने बनाया विधायक इंद्र दत्त लखनपाल का चित्र उन्हें भेंट किया।
इससे पहले प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोह में जिला कांग्रेस महासचिव मनजीत ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश बन्याल, महासचिव अश्वनी शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा, पूर्व बीडीसी सदस्य केशव दत्त, ग्राम पंचायत बणी की प्रधान शैलजा बन्याल, पूर्व प्रधान सुरेश कुमार, रमेश चंद, युवा कांगे्रस अध्यक्ष अनिल ठाकुर, कड़साई के पूर्व प्रधान रविंद्र कुमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगदीश ठाकुर और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed