Spread the love
ऊना। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा है कि ऊना में हो रही भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बैठक में कई संगठनात्मक विषयों के बारे में चर्चा होगी। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश की राजनीतिक परिस्थिति के बारे में भी विस्तृत रूप से चर्चा की जाएगी‌। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा की तैयारियों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण निर्णय लेने जा रही है। इन सभी विषयों को लेकर एक राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा।
कश्यप ने कहा कि 16 और 17 जनवरी को राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक दिल्ली में संपन्न हुई थी। उसके बाद 3, 4 और 5 फरवरी को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ऊना में होने जा रही है। यह पहली बार है कि ऊना जिला के कार्यालय में प्रदेश कार्यसमिति बैठक होगी। उन्होंने कहा कि इस बैठक में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल और शांता कुमार का मार्गदर्शन प्राप्त होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि 4 फरवरी को प्रदेश पदाधिकारी बैठक के उपरांत कार्यसमिति की बैठक प्रारंभ होगी, जिसका समापन 5 फरवरी को होगा।
कश्यप ने कहा कि बैठक में डाटा प्रबंधन व बूथ सशक्तिकरण और लोक सभा प्रवास कार्यक्रमों पर भी विस्तृत रूप से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जिस प्रकार से बदला बदली की भावना से कार्य कर रही है और जब से कांग्रेस पार्टी सत्ता में आई है, तब से प्रदेश में 619 कार्यालयों को बंद कर दिया गया। डीजल पर 3 रुपए वैट बढ़ाकर महंगाई का बोझ आम जनता पर डाला गया और खाने के तेल में भी बढ़ोतरी की गई इन सभी विषयों को भी राजनीतिक प्रस्ताव में लाया जाएगा। कुल मिलाकर भाजपा आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर एक सुदृढ़ रोडमैप तैयार करने जा रही है।
बाक्स
पार्टी में किसी प्रकार की अनुशासनहीनता नहीं होगी बर्दाश्त
सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित राजनीतिक दल है और अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेती है। इसी कड़ी में भाजपा ने चार नेताओं को पार्टी से निष्कासित भी किया है और अभी प्रत्येक स्तर पर समीक्षा चल रही है और आने वाले समय में और निष्कासन भी हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह विषय पार्टी के सामने आया कि पार्टी के कुछ नेताओं ने पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ 2022 विधानसभा चुनावों में काम किया था, जिसको लेकर भाजपा ऐसे नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता होगी तो भाजपा उसे बर्दाश्त नहीं करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed