Spread the love

शिमला। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र की 75वीं सालगिरह पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिए गए सम्बोधन को प्रभावशाली बताते हुए कोरोना आपदा से निपटने में भारत की भूमिका को विश्वपटल पर प्रमुखता से रखे जाने की बात कही है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सदैव दुनिया के बड़े मंचों पर भारत की सकारात्मक व शक्तिशाली छवि प्रस्तुत करते रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र के सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कोरोना आपदा से निपटने के भारत के उपायों व इस संकट की घड़ी में वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना से दूसरे देशों की सहायता करने की अपनी प्रतिबद्धता को विश्वपटल के समक्ष रखा। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के हितों की रक्षा करने व देश की गरिमा को बढ़ाने का काम किया है, जिसके लिए हर देशवासी को उनके ऊपर गर्व है। उन्होंने कहा कि आज कोरोना संकट के दौरान भारत ना सिर्फ़ अपने नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 150 अन्य देशों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज पूरी दुनिया कोरोना आपदा से जूझ रही है और हर देश अपने स्तर पर इस महामारी से निपटने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रहे हैं। भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना महामारी से लड़ाई को पूरी एकजुटता के साथ काफ़ी अच्छे से लड़ रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। उनका कहना था कि आज भारत में कोरोना संक्रमितों का रिकवरी रेट बढ़कर 63.33 फीसदी जा पहुंचा है। भारत में कोरोना से होने वाली मृत्युदर 2.55 फीसदी है जोकि विश्व में सबसे कम है। उन्होंने कहा कि देश में प्रति 10 लाख जनसंख्या पर सिर्फ़ 538 लोग कोरोना संक्रमित हैं। कुल 10 लाख 38 हज़ार कोरोना संक्रमितों में से 6 लाख 53 हज़ार संक्रमित पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व व नीतियों और स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के प्रभावी प्रबंधन में कोरोना से निपटने में ठीक दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार ने सही समय पर लॉकडाउन लगा कर कोरोना को वृहद स्तर पर फैलने पर लगाम लगाई है। केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय से हम कोरोना से निपटने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *