शिमला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हर्षवर्धन चौहान ने कहा है कि हिमाचल में चुनाव तिथि घोषित होने के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई है। इसके साथ ही जयराम ठाकुर की सरकार के द्वारा सरकारी पैसे के गलत उपयोग और कथित लूट पर रोक लग गई है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों से भाजपा द्वारा सरकारी पैसे पर रैली और चुनावी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रत्येक प्रोग्राम लगभग पचास लाख रुपए की लागत से तीन महीनों में पचास करोड़ रुपए का दुरुपयोग किया गया।
चौहान ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा चुनाव तारीख की घोषणा से दो घण्टे पूर्व जयराम ठाकुर कैबिनेट मीटिंग कर रहे थे और कुछ खास समुदाय के सरकारी कर्मचारियों को फायदा पहुंचाने का कार्य कर रहे थे जो कि ग़लत है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए चार सीटों के चुनावों पर भाजपा के सत्ता में रहते हुए भी कांग्रेस ने चारों सीटों पर जीत हासिल कर ये सिद्ध कर दिया है कि वर्तमान चुनाव भ्रष्टाचार महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दों पर है और जनता ने भाजपा की विदाई का मन बना लिया है।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सरकार खाली पड़े एक लाख पैंसठ हजार सरकारी पदों को भरने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि सरकार बनने के दस दिन के अंदर ही हम उन सभी रिक्त पदों को भरने का काम करेंगे।
चौहान ने कहा कि सिरमौर में हाटी आदि अन्य समुदायों को अनुसूचित जनजाति में घोषित करने के मामले में भी भाजपा सरकार ने सिर्फ जुमला ही दिया है। चौहान ने कहा कि उन्होंने 1996 में सरकार के दस्तावेज में हाटी शब्द को नोट कराया था।
