Spread the love
शिमला। शिक्षा के साथ छात्र जीवन में अनुशासन होना ज़रूरी है। यह बात जुब्बल-कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पन्द्राणु में अंडर 19 वर्षीय छात्र जोनल प्रतियोगिता-2022 (जुब्बल जोन) के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियां छात्रों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक होती हैं।
रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल, नावर, कोटखाई में पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शिक्षा, बागवानी, स्वास्थ्य और सड़कों के क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हुआ है। सड़कों का जाल बिछाने में पूर्व कांग्रेस सरकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि गत छ: माह में जुब्बल, नावर, कोटखाई के विभिन्न क्षेत्रों में 20 सड़कों को पास कर जनता को समर्पित कर दिया गया है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि स्नैल से हाटकोटी के बीच बनने वाली लगभग 13 किलोमीटर सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग-707 का दर्ज़ा पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मिला। उन्होंने कहा कि इस सड़क का टेण्डर 15 दिसम्बर, 2021 को ठेकादार को आवंटित कर दिया है। इस सड़क के निर्माण पर 77.68 करोड़ खर्च होंगे और सड़क बनने से बागवानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल 2012-17 में 7 करोड़ 1 लाख 67 हज़ार रुपए से पन्द्राणु-सैंज सड़क को पक्का किया गया। इस वर्ष पन्द्राणु पंचायत के बैठाडा और चरोल गांव को भी सड़क सुविधा से जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस कार्यकाल (2003-07 और 2012-17) में ग्रामीण इलाकों के दूरदराज़ के क्षेत्रों में घर द्वार तक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए शैक्षणिक संस्थान खोले गए। रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल, नावर, कोटखाई में सर्वाधिक 32 उच्च माध्यमिक पाठशालाएं व टिक्कर में कॉलेज खोला गया। जहां पन्द्राणु को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का दर्ज़ा मिला,वहीं सैंज को अपग्रेड कर माध्यमिक पाठशाला बनाया गया। साथ ही पन्द्राणु में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी खोला गया।
रोहित ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पन्द्राणु के अध्यापकों व खेल आयोजन समिति को अंडर 19 छात्र खेल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने जनसमस्याओं को भी सुना और शीघ्र ही संबंधित अधिकारियों से बात कर समाधान करने का आश्वासन दिया। इस प्रतियोगिता में 21 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं की 340 छात्रों ने भाग लिया। रोहित ठाकुर ने स्वतंत्रता दिवस के पर पावन अवसर पर अध्यापकों, आयोजन कमेटी के सदस्यों व छात्रों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान उनके साथ स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज घेजटा, एसएमसी की अध्यक्षा रचना जमियांन, अजय पान्टा खेल जोन प्रभारी, कौशल मुंगटा जिला परिषद सदस्य, बलबीर पोशेटा बीडीसी सदस्य, प्रधान जगमोहन राणा, पवन कुमार, उप प्रधान मेहर सिंह, संत राम, कामेश्वर, विशेष अतिथि ओपी किमटेटा भी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *