Spread the love
ऊना। ऊना में इस वर्ष बरसात के मौसम में 188.98 हेक्टेयर भूमि 1,08,886 पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। इस पर 81.30 लाख रुपए की धनराशि व्यय की जाएगी। यह बात ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने मंगलवार को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत अंदरौली में आयोजित जिला स्तरीय वन महोत्सव के दौरान कही।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि आज आयोजित कार्यक्रम में एथनो बोटैनिकल पार्क परिसर अंदरौली में 26 हेक्टेयर भूमि में अर्जुन, शीशम, टॉटपलंगा, शतावरी, सहजन, नीम, सर्पगंधा तथा त्रिमूर सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 3000 पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 139 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण किया गया था तथा इस दौरान 1,09,400 पौधे लगाए गए, जिस पर 61.59 लाख रुपए की धनराशि खर्च की गई। उन्होंने कहा कि ग्रीन इंडिया मिशन के तहत वन भूमि के अलावा भी लोगों की निजी भूमि पर पौधारोपण किया जाएगा और 2000 से अधिक पौधे सड़क के किनारे लगाए जाएंगे।
पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि विश्व में लगातार बढ़ती जनसंख्या के कारण प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता में कमी आ रही है तथा निरंतर पर्यावरण का संतुलन बिगड़ता जा रहा है। इस चुनौती से निपटने के लिए हमें जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए मिलकर विशेष प्रयास करने होंगे। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण के कारण बिगड़ता प्राकृतिक संतुलन न केवल मानव जाति, बल्कि पृथ्वी पर मौजूद प्रत्येक जीव जंतुओं व पेड़ पौधों के लिए बड़ा खतरा है, जिससे निपटने के लिए हमें पौधारोपण को अपने जीवन का अंग बनाना होगा।
इससे पूर्व वन विभाग के मुख्य अरनयपाल प्रदीप ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा वन महोत्सव व पौधारोपण के महत्व के अलावा वन विभाग के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं एवं कार्यक्रमों बारे विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, प्रधान ग्राम पंचायत थड़ा गुरनाम सिंह, प्रधान ग्राम पंचायत परोईयां आशा देवी, खंड विकास समिति बंगाणा उपाध्यक्ष जमीत सिंह ठाकुर, वन मंडल अधिकारी ऊना मृत्युंजय माधव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजू बहल, विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रायपुर मैदान के छात्र-छात्राएं तथा कई स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *