शिमला। शिमला जिले के ठियोग से कांग्रेस में शामिल हुई भाजपा नेता व पूर्व विधायक स्व. राकेश वर्मा की पत्नी इन्दु वर्मा ने कहा है कि देश व प्रदेश को विकास के मामले में आगे ले जाने में कांग्रेस पार्टी और उसकी नीतियां ही सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यों पर उंगली उठाने से पहले उन राजनैतिक दलों को अपना इतिहास देख लेना चाहिए, जो आज देश व प्रदेश में राज कर रहे हैं।
इंदु वर्मा ने कहा कि इस देश के निर्माण और विकास में कांग्रेस के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास को न तो मिटाया जा सकता है और न ही इसे बदला जा सकता है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बुधवार को आयोजित इन्दु वर्मा के अभिनंदन समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह सहित कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन, विधायक रामलाल ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह, नंदलाल, रोहित ठाकुर, मोहन लाल ब्राक्टा, विक्रमादित्य सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष अतुल शर्मा ने विशेष तौर पर शिरकत की।
इस दौरान ठियोग से भारी संख्या में आये कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित सभा में उपस्थित विधायकों व अन्य नेताओं व इंदु वर्मा का ढोल नगाड़ों सहित फूल मालाएं पहना कर स्वागत किया। इस दौरान वक्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का इंदु वर्मा को कांग्रेस में शामिल करने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इनसे ठियोग ही नहीं, अपितु पूरे जिला में कांग्रेस को ओर मजबूती मिलेगी।
