शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने सेना में अग्निपथ भर्ती योजना को देश के युवाओं के भविष्य से एक बड़ा खिलवाड़ करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह सेना में युवाओं के देश भक्ति के जज्बे को कम करेगा। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम के बाद केवल चार साल के लिए सेना में उनकी सेवा उनके साथ एक बड़ा अन्याय होगा। उन्होंने देश व युवाओं के हित में सेना की प्रस्तावित अग्निपथ योजना पर तुरंत रोक लगाने की मांग केंद्र सरकार से की है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश व प्रदेश में इस भर्ती के खिलाफ युवाओं में बढ़ते आक्रोश पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश के सेना बलों में किसी भी भर्ती में कोई भी खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए मर मिटने का जज्बा रखने वाले युवा ही सेना में भर्ती के लिए कड़ा परिश्रम करते हैं। उन्होंने कहा कि सेना में अंशकालिक भर्ती का कोई भी प्रयोग सही साबित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सैन्य बलों में किसी भी प्रकार की कमी देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा के लिए कोई बड़ा खतरा साबित हो सकती है। इसलिए सेना में भर्ती पूर्व निर्धारित नियमों व पूरे समयावधि के लिए ही होनी चाहिए।

