शिमला। कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता दिवंगत पं. सुखराम के निधन पर बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक शोकसभा का आयोजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने दिवंगत सुखराम के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दिवंगत सुखराम के सम्मान में प्रदेश में सात दिन के शोक की घोषणा की है। इस दौरान पार्टी ने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
प्रतिभा सिंह ने पंडित सुखराम को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनके निधन से प्रदेश की राजनीति को एक बहुत बड़ा नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दूरसंचार के क्षेत्र में किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा। प्रदेश के विकास में दिए उनके योगदान का प्रदेश सदैव उनका ऋणी रहेगा।उन्होंने कहा कि सात बार पं. सुख राम ने प्रदेश में विधानसभा ने विधायक के तौर पर और 3 बार सांसद के तौर पर देश की सेवा की।
दिवंगत पं. सुख राम को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालो में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर, कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन, कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विधायक रामलाल ठाकुर, नंद लाल, मोहन लाल ब्राक्टा, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक आदर्श सूद, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर, अतुल शर्मा, एनएसयूआई के अध्यक्ष छत्तर सिंह, धर्मपाल ठाकुर, महेंद्र स्तान, अरुण शर्मा, अमित नंदा, किरण धांटा, विनीता वर्मा, प्रभा वर्मा, सेनराम नेगी, देवेंद्र बुशहरी, डॉ हरिंदर रावत, आकाश सैनी सहित पार्टी के अनेक कार्यकर्ता शामिल थे।
