Spread the love

शिमला। पिछड़े व दलितों की शिक्षा समानता व उन्नति के प्रति बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा किए गए संघर्ष के लिए देश उनका सदैव ऋणी रहेगा। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज वीरवार को यहां अम्बेडकर सोसायटी शिमला तथा वाल्मीकि सभा कृष्णा नगर द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर शिमला के कृष्णा नगर में आयोजित समारोह में बोल रहे थे। 
सुरेश भारद्वाज ने कहा कि भारत के संविधान को बनाने में डॉ. भीमराव अम्बेडकर का योगदान रहा है और उनके बनाए संविधान से भारत के लोगों का विश्व मानचित्र में मान-सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने देश में ऊंच-नीच के बंधनों को तोड़कर सभी वर्गों को साथ लेकर सबका उत्थान किया तथा नारी को समाज में उच्च सम्मान दिलाया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यों के प्रति आज राष्ट्र कृत्ज्ञ है। हम सब उनके बताए रास्तों में चलने का संकल्प लें, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। 
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि कृष्णा नगर वासियों को उनके ढारे तथा मकान का हक दिलवाने की वचनबद्धता को पूरा करते हुए प्रदेश सरकार द्वारा विधानसभा में इस कानून को पारित किया गया, जिसके तहत जिनके द्वारा 2 बिस्वे में ढारे तथा मकान हैं, उन्हें नियमित करने का कानून प्रदेश सरकार द्वारा विधानसभा में पारित किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा गरीब व असहाय लोगों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ की गई है, ताकि पंक्ति के अंतिम व्यक्ति को इसका लाभ मिल सके। 
सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 60 यूनिट तक बिजली मुफ्त तथा मीटर का शुल्क भी लोगों से नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से लोगों को अपने भवन में बिजली मीटर लगवाने के लिए नगर निगम विभाग में जाकर एनओसी लेना पड़ता था, परन्तु प्रदेश सरकार ने विभाग को आदेश दिए है कि बिना एनओसी के समयावधि में मकान मालिकों के मीटर लगाएं।
इस दौरान पार्षद कृष्णा नगर बिट्टू पाना ने सुरेश भारद्वाज का स्वागत किया तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री का दो बिस्वा जमीन दिलवाने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिमला मण्डल अनुसूचित जाति अध्यक्ष व पार्षद खलीनी पूर्ण मल ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के समाज के प्रति किए गए कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान वाल्मीकि सभा के महासचिव जोगेन्द्र सिंह ने सुरेश भारद्वाज का धन्यवाद किया। इस अवसर पर शिमला नगर निगम महापौर सत्या कौंडल, उप-महापौर शैलेन्द्र चौहान, पार्षद जगजीत बग्गा, कल्याण, दिवाकर शर्मा एवं किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजीव चौहान, पूर्व कृष्णा नगर पार्षद रजनी तथा वाल्मीकि सभा के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed