Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि आज भाजपा के इस शासनकाल में देश के सामने संविधान को बचाने की बहुत बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है, लोगों को धर्म, जाति व भाषा के नाम पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है, वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। वे वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग द्वारा भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बोल रहे थे। 

कुलदीप राठौर ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह समाज विरोधी शक्तियों के खिलाफ एकजुट होकर इन्हें बेनकाब करें। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने जिस परिकल्पना के साथ भारत के संविधान का निर्माण किया था, वह आज पीछे छूटता जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश की एकता और अंखडता खतरे में पड़ गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अथक प्रयासों और इसके नेताओं के बलिदान के बाद देश आजाद हुआ। उन्होंने कहा कि आज देश के इतिहास से भी छेड़छाड़ की जा रही है।

राठौर ने कहा कि आज पूरा देश ही नहीं, पूरा विश्व बाबा साहब को उनकी जयंती पर याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने इतिहास रचा और उनके सम्मान में कुछ भी कहना सूरज को दीया दिखाने वाली बात है। विलक्षण प्रतिभा के धनी बाबा साहब ने दलितों और समाज के पिछड़े वर्गों के लिए जो कार्य किए, संविधान में उनके अधिकारों की रक्षा के लिए  कानून की व्यवस्था की, वह बहुत ही उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब देश के पहले कानून मंत्री बने। उन्होंने कहा कि बाबा साहब हमेशा याद रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शो पर चलना, उनके लिए हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 

इससे पूर्व, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेशाध्यक्ष यादवेंद्र गोमा ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों व पार्टी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि समाज को विघटनकारी शक्तियों से बचाने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी कांग्रेस पर है। उन्होंने कहा कि आज का दिन बाबा साहब की याद में उनके दिखाए पथ पर चलने के संकल्प का है। उन्होंने कहा कि हमें देश की एकता और अंखडता के लिए एकजुट होकर आगे आना है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री गंगू राम मुसाफिर ने इस दौरान कहा कि संविधान की रक्षा व समाज में विघटनकारी शक्तियों के खिलाफ सभी को एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। बैठक को विधायक विनय कुमार, प्रदेश कांग्रेस सचिव अमित नंदा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, विभाग के उपाध्यक्ष यशपाल तनाईक सहित विभाग के कई अन्य पदाधिकारियों ने भी सम्बोधित किया।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस सचिव वेद प्रकाश ठाकुर, बलदेव ठाकुर, ऋषभ पांडे, जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, पूर्व महापौर आदर्श सूद, जैनी प्रेम, सेनराम नेगी, विभाग के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र कौशल, गुरदयाल पंवर, रविन्द्र बंसल, नरेश चौहान के अतिरिक्त नरोत्तम राम, ब्रह्मदास चौहान, कमल किशोर, निर्मला चौहान, शकुंतला कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed