शिमला। सांसद प्रतिभा सिंह ने महिलाओं से एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग होने का आह्वान करते हुए कहा है कि आज देश व समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा है कि आज महिला हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ी है। उनका कहना है कि जिसने भी महिलाओं को कमजोर समझने की भूल की है उसे हमेशा ही मुंह की खानी पड़ी है। वे शनिवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बनूटी में विधायक विक्रमादित्य सिंह की अध्यक्षता में आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में बोल रही थी।प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने ग्राम पंचायतों में महिलाओं को आरक्षण का प्रावधान किया था। उन्होंने कहा कि आज महिला घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने सम्मेलन में भारी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति पर खुशी प्रकट करते हुए कहा कि विधायक विक्रमादित्य सिंह इस क्षेत्र के विकास के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह के सपने विकास के कार्यों को पूरा करने के लिए वह स्वयं और विक्रमादित्य सिंह तन-मन-धन से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भले ही आज वीरभद्र सिंह अब उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श और उनका आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहेगा। उन्होंने विक्रमादित्य सिंह को भारी जन समर्थन देने के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भले ही विक्रमादित्य उनका सुपुत्र हैं, लेकिन अब उन्होंने उन्हें जनता की झोली में जनसेवा के लिए डाल दिया है।
भाजपा का महिला विरोधी चेहरा अब सब के सामने आ चुका है – आशा कुमारी
इससे पूर्व, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता व विधायक आशा कुमारी ने विशेष अतिथि शिरकत करते हुए कहा कि भाजपा का महिला विरोधी चेहरा अब सब के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से महंगाई बढ़ रही है, उससे महिलाओं को घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जब गैस सिलेंडर 350 रुपए का मिलता था तो उस समय भाजपा नेता, जो आज सत्ता में बैठे हैं, इसके लिए बड़े-बड़े मगरमच्छी आंसू बहाते थे। आज भाजपा राज में यही सिलेंडर एक हजार रुपए से ऊपर चला गया है।
आशा कुमारी ने कहा कि महंगाई व बेरोजगारी दोनों ही भाजपा की देन है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 14 प्रतिशत से ऊपर बेरोजगारी बढ़ गई है, जबकि कांग्रेस के समय में कभी भी यह आंकड़ा 4 या 5 प्रतिशत से ऊपर नहीं गया। उन्होंने प्रदेश में जयराम सरकार को पूरी तरह विफल करार देते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री बहुत ही कमजोर साबित हुए हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में महिलाओं की भारी संख्या पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि आज साबित हो गया है कि महिलाएं एकजुट और सशक्त होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति विजय का प्रतीक है, जो न तो कभी कमजोर हो सकती है और न ही मजबूर। आशा कुमारी ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह को चुनावों के दौरान उन्होंने उन्हें कमजोर और मजबूर बताया था और प्रतिभा सिंह ने चुनाव जीत कर उन्हें और अन्य भाजपा नेताओं को बता दिया कि वह कितनी मजबूत हैं।उन्होंने इसके लिए मंडी संसदीय क्षेत्र के लोगों और प्रदेश के लोगों का आभार जताया, जिन्होंने उन्हें भारी जन समर्थन दिया। आशा कुमारी ने विक्रमादित्य सिंह की सराहना करते हुए कहा कि भले ही विक्रमादित्य सिंह उम्र में छोटे और पहली बार विधानसभा में आए हैं, लेकिन वह जिस प्रकार से लोगों की समस्याओं और जनहित से जुड़े मसलों को उठाते हैं, उससे उनका परिपक्व झलकता है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के बाद अब विक्रमादित्य सिंह प्रदेश का भविष्य हैं।
