शिमला। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष की बैठक का आयोजन वर्चुअल माध्यम से किया गया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राशिमधर सूद ने इसकी अध्यक्षता की। बैठक में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा विशेष रूप से उपस्थित रहे। महिला मोर्चा की बैठक में कल से शुरू होने जा रहा महा सूर्य नमस्कार कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
रश्मिधर सूद ने बैठक में कहा कि पूरे देश भर में आजादी के अमृत महा उत्सव के चलते 75 करोड़ सूर्य नमस्कार का संकल्प लिया गया है। हिमाचल प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप के निर्देशानुसार महिला मोर्चा भी इस कार्यक्रम में अग्रिम भूमिका निभाने जा रहा है। अभी तक इस कार्यक्रम में 750 महिलाओं ने पंजीकरण कर लिया है और कल बूथ-बूथ पर महिला मोर्चा की सदस्य सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम में भाग लेने जा रही हैं। सूर्य नमस्कार इस कोविड संकटकाल के समय सबसे अच्छी क्रिया मानी गई है और इसको हमें अपने जीवन का भाग बनाना है। उन्होंने कहा कि 1 फरवरी को महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी बैठक का आयोजन शिमला में होने जा रहा है। बैठक में भी एक छोटे समूह के सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 31 जनवरी से लेकर 7 फरवरी तक चलने वाला है। कार्यक्रम में भाग लेने वाले कार्यकर्ता और उनके द्वारा किए गए सूर्य नमस्कार की क्रियाओं की गणना प्रतिदिन की जाएगी। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सोशल मीडिया टीम व आईटी टीम का भी बड़ा योगदान रहेगा। बैठक में प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री मांचली ठाकुर एवं वंदना गुलेरिया उपस्थित रही।
