Spread the love

नाहन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने जयराम ठाकुर ने नेतृत्व में प्रदेश के 225000 कर्मचारियों को नए वेतन नियम एवं पे कमीशन का लाभ पहुंचाया है। साथ ही कर्मचारियों को पूर्व में दो विकल्प दिए गए थे, पर अब तीसरे विकल्प देने के बाद ऐसा कोई कर्मचारी वर्ग नए पे कमीशन के लाभ से वंचित नहीं रह जाएगा।
कश्यप ने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों को 31 फीसदी डीए केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर देने की घोषणा की है। इससे सभी कर्मचारियों में खुशी की लहर है। अब हिमाचल के पेंशनरों को भी पंजाब वेतन आयोग के आधार पर लाभ दिया जाएगा। इससे 175000 पेंशनरों को 2000 करोड़ का लाभ होगा। भाजपा सरकार पूरी तरह से कर्मचारी हितैषी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस कॉन्स्टेबल ही एक ऐसी श्रेणी है, जिसकी नियुक्ति नियमित रूप से की जाती है। बाकि सभी श्रेणियों को अनुबंध आधार पर नियुक्त किया जाता है। 2015 से पूर्व नियुक्त कॉन्स्टेबल को 2 वर्ष उपरान्त अगला उच्च वेतनमान दिया जाता था। परन्तु पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान 2015 में कॉन्स्टेबल को उच्च वेतनमान मिलने की अवधि को 2 वर्ष से बढ़ाकर 8 वर्ष कर दिया गया था। कॉन्स्टेबल की मांग पर विचार के बाद अब जयराम सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि 2015 के बाद नियुक्त कॉन्स्टेबल को अन्य श्रेणियों की तर्ज पर समान कार्यकाल उपरान्त उच्च वेतनमान के लिए पात्र माना जाएगा। उन्होंने कहा कि जो कॉन्स्टेबल उच्च वेतनमान के लिए पात्र हो गए हैं, उन्हें पूर्व संशोधित स्केल के अनुसार उच्च वेतनमान का लाभ तुरन्त प्रभाव से दिया जाएगा।
सुरेश कश्यप ने कहा कि जयराम सरकार के चार साल प्रगतिशील रहे हैं और प्रदेश में चौतरफा विकास हुआ है। उनकी सरकार ने कोरोना महामारी के समय भी अच्छा काम किया है, जिसको केंद्र नेतृत्व में भी सराहा है। आज पूरे देश में जन मंच और हिम केयर की सकारात्मक चर्चा हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में वर्चस्व की लड़ाई है और कांग्रेस पार्टी बेबुनियाद बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा का मिशन रिपीट पक्का है और जनता कांग्रेस पार्टी की सच्चाई को जानती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *