शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए प्रदेश निर्वाचन विभाग अपनी तैयारियों में जुटा है। विभाग ने फोटोयुक्त मतदाता सूची-2022 अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी है। इसके तहत राज्य में कुल 100524 नए मतदाता मतदाता सूची से जुड़े हैं। वहीं, 39,229 मतदाताओं के नाम मृत्यु/स्थान परिवर्तन/दोहरे पंजीकरण आदि के कारण मतदाता सूचियों से हटाए गए हैं। इस प्रकार मतदाता सूची में कुल 61,295 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। परिणामस्वरूप प्रकाशित मतदाताओं पर 1.15 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। हिमाचल प्रदेश निर्वाचन विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित कार्यक्रमानुसार प्रदेश के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य प्रथम जनवरी, 2022 की अहर्ता तारीख के आधार पर पूर्ण हो चुका है। भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन से फोटोयुक्त मतदाता सूची-2022 15 जनवरी, 2022 को अन्तिम रूप में प्रकाशित की जा चुकी हैं। प्रारूप प्रकाशन के समय 10 नवम्बर, 2021 को प्रदेश के समस्त 68 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों में कुल 53,14,782 मतदाताओं के नाम दर्ज थे। पुनरीक्षण के दौरान कुल 1,00,524 नए मतदाता पंजीकृत हुए हैं, जिसमें 18-19 आयु वर्ग के 54,087 नए मतदाताओं के नाम दर्ज हुए हैं। प्रवक्ता ने कहा कि 39,229 मतदाताओं के नाम मृत्यु/स्थान परिवर्तन/दोहरे पंजीकरण आदि के कारण मतदाता सूचियों से हटाए गए हैं। मतदाता सूची में कुल 61,295 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। इसके अतिरिक्त सेवा अहर्ता मतदाता सूची भी 15 जनवरी, 2022 को अन्तिम रूप से प्रकाशित कर कर दी गई है। प्रदेश में अंतिम रूप से प्रकाशित सेवा अहर्ता मतदाता सूची में कुल 67,810 मतदाता दर्ज हैं।प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों में अब कुल 53,76,077 सामान्य मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 27,18,055 पुरुष, 26,58,005 महिलाएं तथा 17 तृतीय लिंग हैं। प्रदेश की जनसंख्या लिंग अनुपात 976 की तुलना में मतदाताओं का लिंग अनुपात 978 है।
सुलह में सबसे अधिक और लाहौल-स्पीति में सबसे कम मतदाता
प्रदेश के समस्त विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक 1,01,627 मतदाता, 14-सुलह निर्वाचन क्षेत्र में हैं। वहीं, सबसे कम 24,024 मतदाता, 21-लाहौल-स्पीति (अनुसूचित जनजाति) निर्वाचन क्षेत्र में हैं। 15 जनवरी, 2022 को अन्तिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची का निःशुल्क निरीक्षण सम्बन्धित जिला निर्वाचन कार्यालय/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एडीएम/एसडीएम)/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (तहसीलदार/नायब तहसीलदार) के कार्यालयों में तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर अथवा बूथ लेवल अधिकारियों के पास उपलब्ध सूची से किया जा सकता है।
प्रवक्ता ने कहा कि इसके अतिरिक्त राज्य के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियां निर्वाचन विभाग की वेबसाइट http://ceohimachal.nic.in पर भी उपलब्ध हैं। कोई भी व्यक्ति इन सूचियों में दर्ज नामों की पुष्टि उपरोक्त वेबसाइट के अतिरिक्त एनवीएसपी पोर्टल व वीएचए एप्लीकेशन के माध्यम से भी कर सकता है। इच्छुक व्यक्ति इन मतदाता सूचियों की फोटो रहित पीडीएफ फाइलों की डीवीडी 100 रुपए प्रति डीवीडी की दर से मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हिमाचल प्रदेश, शिमला के कार्यालय या सम्बन्धित जिला निर्वाचन कार्यालय से भी प्राप्त कर सकते हैं।
