Spread the love

शिमला। शिमला जिले में भारी बर्फबारी के बाद पैदा हालात को सामान्य बनाने के लिए उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सोमवार को जिला के विभिन्न क्षेत्रों में उपमण्डलाधिकारियों व स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सड़कों पर बर्फ साफ करने तथा आवश्यक आपूर्ति की स्थिति के बारे में निरंतर जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।डीसी ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में मुख्य मार्गों व सम्पर्क मार्गों को यातायात के लिए बहाल करनेे का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने बताया कि शिमला नगर में सभी मुख्य सड़कों को यातायात तथा आवागमन के लिए सुचारू कर दिया गया है। उन्होंने इस संबंध में स्वयं शिमला नगर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति की जानकारी ली व कार्यों की निगरानी की। उन्होंने टूटु, हीरानगर, बालूगंज तथा साथ लगते अन्य उपनगरों में भी जाकर सड़कों को साफ करने के कार्य का जायजा लिया। 

आदित्य नेगी ने जिला के अन्य भागों में पर्याप्त मशीनरी व श्रम की उपलब्धता को सुनिश्चित बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए, ताकि जल्द से जल्द सभी सड़कों को यातायात के लिए सामान्य बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि जिला की विभिन्न सड़कों को साफ करने के साथ-साथ फिसलन वाली जगहों पर रेता फैकने का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति को बहाल करने के लिए गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश भी दिए।
डीसी ने उपमण्डलाधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों को इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन स्थिति में सहायता उपलब्ध करवाने के भी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सम्बद्ध विभागों के सभी अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर कार्य की पूर्ति त्वरित करने की ताकीद की, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि चौपाल, रोहडू, रामपुर व ठियोग में मुख्य मार्गों पर से बर्फ हटाने का कार्य देर रात से आरम्भ किया, किंतु भारी बर्फबारी के कारण सड़कें पुनः अवरूद्ध हो गई, जिन पर बर्फ को साफ करने की निरंतरता युद्ध स्तर पर जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *