Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान प्रमुख रूप से जनजागरण अभियान, सदस्यता अभियान व ट्रेनिंग कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने भी भाग लिया। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व देश के अन्य प्रदेशों के अध्यक्षों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े। बैठक में राजीव शुक्ला ने कहा कि हिमाचल में उप चुनावों में जीत की भांति इस साल होने वाले प्रदेश विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस को अपनी जीत का परचम लहराना है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि प्रदेश में जन जागरण अभियान सफलतापूर्वक चल रहा है। उन्होंने पार्टी के सदस्यता अभियान पर भी संतोष जताया और कहा कि वह स्वयं इस कार्य पर अपनी पूरी नज़र रखे हुए हैं। शुक्ला ने कहा कि उन्होंने नाहन में आयोजित पार्टी ट्रेनिंग कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया था।

उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बैठक में पार्टी के कार्यो की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में 66 विधानसभा क्षेत्रों में जन जागरण अभियान पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं उन विधानसभा क्षेत्रों में जन जागरण अभियान का नेतृत्व कर चुके हैं, जिसमें पिछले कुछ सालों से कांग्रेस का प्रदर्शन सही नहीं रहा है। राठौर ने कहा कि उन्होंने 110 किलोमीटर से अधिक पदयात्रा में भाग लिया और अब कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण फिलहाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सभी बैठकें वर्चुअल माध्यम से की जाएगी।कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी का सदस्यता अभियान भी सुचारू रूप से चल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय आलाकमान द्वारा जो भी कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस को दिए जा रहे हैं, उन्हें सफलतापूर्वक पूरा किया जा रहा है।इस बीच, अखिल भारतीय कांग्रेस ट्रेनिंग विभाग के चेयरमैन सचिन राव ने पार्टी के ट्रेनिंग कार्यक्रम में सभी विधायकों व पार्टी नेताओं के भाग लेने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *