????????????????????????????????????
Spread the love

कुल्लू। कुल्लू जिला में बारिश-बर्फबारी और खराब चल रहे मौसम के चलते उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने एडवाइजरी जारी करते हुए स्थानीय लोगों तथा सैलानियों को एहतियात बरतने की अपील की है। मौसम विभाग ने आगामी तीन-चार दिन तक मौसम के खराब बने रहने तथा बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। 
उपायुक्त का कहना है कि स्थानीय लोग और सैलानी बर्फबारी के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों का रुख न करें और नदी-नालों से भी दूर रहें। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही लगातार बर्फबारी के कारण बाहरी राज्यों से लगातार सैलानियों की आमद बढ़ रही है। ऐसे में सैलानी ज्यादा रोमांच के चलते कई बार उन क्षेत्रों का भी रुख करते हैं, जहां जान पर खतरा बना रहता है। ऐसे में सैलानी इस तरह जोखिम न उठाएं। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बारिश-बर्फबारी के बीच दैनिक कार्यों को निपटाने के लिए अनावश्यक जोखिम उठाने से बचने की अपील की है।
उपायुक्त ने पर्यटकों से भी आग्रह किया कि वे ऊंचाई वाले अथवा बर्फबारी वाले क्षेत्रों में निजी वाहनों को लेकर न जाएं और साथ ही ट्रैकिंग रूटों पर भी जाने की कोशिश न करें। उन्होंने पर्यटन कारोबारियों से भी अपील की कि वे पर्यटकों को गुमराह न करें और उन्हें संभावित खतरों से अवगत करवाएं।
आशुतोष गर्ग ने कहा कि अधिक बर्फबारी वाले क्षेत्रों में और जहां सड़कों पर कोहरा जमा है, वहां पर वाहन न चलाएं, क्योंकि सड़कों पर फिसलन होने के कारण हादसा होने की आशंका ज्यादा रहती है। उपायुक्त ने स्थानीय लोगों तथा सैलानियों से किसी भी आपात की स्थिति में टोल फ्री नम्बर 1077 पर सूचित करने को कहा, ताकि आपदा के दौरान तुरंत प्रभावित व्यक्ति की मदद की जा सके।
डीसी ने जिला के सभी एसडीएम व तहसीलदारों को हर समय सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि मौसम साफ भी होता है तो भी बर्फीले क्षेत्रों की ओर रुख न करें, क्योंकि ऐसे क्षेत्रों में तापमान काफी कम रहता है और फिसलन के कारण जान को जोखिम में डालना ठीक नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वाहनों को पहाड़ों की ओर पार्क न करें। पत्थर अथवा ल्हासे गिरने के कारण वाहन को नुक्सान हो सकता है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *