शिमला। केंद्र की मोदी सरकार के दूसरे कार्याकाल का एक वर्ष पूरा होने के मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज फेसबुक पर लाइव होंगे। इस दौरान वह मोदी सरकार के एक साल की उपलब्धियों का बखान करेंगे। साथ ही मोदी सरकार के आत्मनिर्भर भारत के बारे में कार्यकर्ताओं से बात करेंगे।
प्रदेश भाजपा के महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता एवं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल का प्रथम वर्ष आज पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार-2 का एक वर्ष का कार्यकाल ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। कई दशकों से देश के आम जनमानस की इच्छाओं एवं आकांक्षाओं का सपना पूरा हुआ, जैसे तीन तलाक की समाप्ति हेतु कानूना बनाना, धारा-370 को हटाना, लद्दाख को अलग केन्द्र शासित राज्य बनाना, अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना, शरणार्थियों के लिए नागरिक संशोधन कानून बनाना आदि प्रमुख उपलब्धियां हैं। इसके अतिरिक्त कोरोना संकट के समय जब पूरा विश्व इस महमारी बुरी तरह प्रभावित है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समय रहते लॉक डाउन की घोषणा सहित अन्य प्रभावी कदम उठाये। इन कदमों के लिए विश्व के कई देशों व संगठनों ने प्रधानमंत्री की सराहना भी की।
जंवाल ने कहा कि केन्द्र सरकार के स्वर्णिम एक वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर आज सांय 4.00 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा फेसबुक लाईव के माध्यम से राष्ट्र को सम्बोधित करेंगे। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के सभी नेता व कार्यकर्ता इस फेसबुक लाईव से जुड़ेंगे और अन्य लोगों को भी उनके सम्बोधन सुनने का आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के ’’आत्मनिर्भर भारत’’ के संकल्प को पूरा करने के लिए लोगों से स्वदेशी चीजें अपनाने व लोकल को वोकल बनाने का भी आग्रह करेगी।
