शिमला। शिमला जिले के जुब्बल-कोटखाई के युवा नेता व इस हलके से निर्दलीय उपचुनाव में उतरे चेतन बरागटा ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। चेतन बरागटा ने आरोप लगाया कि उन्हें रोकने के लिए भाजपा ने उपचुनाव में अपने वोट कांग्रेस उम्मीदवार के लिए शिफ्ट करवाए हैं। आज हाटकोटी में जुब्बल क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में चेतन बरागटा ने कहा कि जुब्बल-कोटखाई में 90 के दशक में भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विरुद्ध भी चुनाव लड़ा था। उस समय भी भाजपा को 14 प्रतिशत से अधिक मत मिले। लेकिन इस बार भाजपा मात्र 4 प्रतिशत वोट बैंक पर सिमट गई है। इससे यह साफ होता है कि भाजपा के बड़े नेता द्वारा उन्हें रोकने के लिए कांग्रेस को वोट शिफ्ट करवाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ उनकी जीत को रोकने के लिए ही उपचुनाव लड़ रही थी। चेतन बरागटा ने कहा कि जिला शिमला के एक बड़े नेता ने सोची समझी रणनीति के तहत अंतिम समय में वोट बैंक को कांग्रेस की ओर शिफ्ट करवाया। इसके पूरे तथ्य उनके पास मौजूद हैं। भाजपा ने सिर्फ उन्हें रोकने के लिए उपचुनाव लड़ा।
चेतन बरागटा ने कहा कि विधायक बनने के बाद अब रोहित ठाकुर वर्तमान को छोड़कर 2022 के चुनावों की चिंता कर रहे हैं। जबकि विधायक को वर्तमान में किए जाने वाले कार्यों की चिंता करनी चाहिए। उपचुनाव में जो दृष्टि पत्र रोहित ठाकुर ने जनता के बीच लाया है, उसे पूरा करे। उन्होंने कहा कि एक साल का अपना रिपोर्ट कार्ड 2022 के चुनाव में जनता के बीच में रखें। उसके बाद जनता स्वयं भविष्य तय करेगी। बरागटा ने कहा कि वे भारी समर्थन देने के लिए क्षेत्रवासियों को आभारी हैं और आगे हमेशा लोगों के बीच रहकर उनके लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं व और मांगों को सरकार के समक्ष ले जाने का कार्य करेंगे।
