शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा है कि पेट्रोल और डीज़ल के दामों को नियंत्रण में लाने को केंद्र और प्रदेश सरकार ने इसके दामों में की गई कमी को बड़ा कदम बताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल पर एक्साइज ड्यूटी में पांच और दस रुपए कम किए हैं। वहीं, हिमाचल सरकार ने वैट की दरों में पेट्रोल और डीज़ल पर छूट दे कर पेट्रोल 12 और डीज़ल 17 रुपए तक कम किया है। यह पेट्रोल और डीज़ल के दामों को नियंत्रण में लाने का केंद्र और प्रदेश सरकार का बड़ा कदम है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि यह एक निर्णायक निर्णय है, जिससे जनता को बड़ी राहत पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि रबी सीजन से ठीक पहले ईंधन उपभोक्ताओं, खासकर हमारे किसानों के लिए एक बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीज़ल आज जनता की जीवन की मूल आवश्यकता है। इस कटौती से जनता को बड़ा लाभ होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि डीज़ल के दामों में गिरावट से महंगाई पर लगाम लगेगी और परिवहन लागत भी जल्द नीचे की ओर आएगी। इससे घरेलू वस्तुओं के दामों में भी कमी आएगी। कश्यप ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनता को आ रही सभी समस्याओं को भली भांति समझती है और समय-समय पर सभी समस्याओं का समाधान भी निकालती है।
