सुंदरनगर। यदि प्रदेश सरकार स्वर्ण आयोग का गठन न करके टाल मटोल का रवैया अपनाती है तो सामान्य वर्ग संयुक्त मंच आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेगा। यह बातसामान्य वर्ग संयुक्त मंच के प्रदेश अध्यक्ष केएस जम्वाल ने निहरी में अयोजित बैठक में कही। राजपूत महासभा हिमाचल प्रदेश व राजपूत सभा निहरी इकाई के तत्वावधान में अयोजित सामान्य वर्ग संयुक्त मंच की बैठक का आयोजन निहरी तहसील मुख्यालय में हुकम चन्द ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में मंच के प्रदेश अध्यक्ष केएस जम्वाल ने विशेष अतिथि के रुप में भाग लिया। बैठक में निहरी क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के सामान्य वर्ग के लोगों युवाओं व महिलाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा 20 अप्रैल को शिमला सचिवालय तथा हाल ही के विधानसभा सत्र के दौरान शिमला में व मंडी के सर्किट हाउस में सामान्य वर्ग संयुक्त मंच के प्रतिनिधिमंडलों के साथ हुई विशेष बैठकों में सैद्धांतिक रूप से स्वर्ण आयोग के गठन को लेकर उनके आश्वासनों के बावजूद कोई भी कार्यवाही ना करने की कड़ी निंदा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से हिमाचल सरकार को स्वर्ण आयोग का शीघ्र अतिशीघ्र गठन करने का अनुरोध किया, अन्यथा उनका संगठन इसके विरोध में सड़कों पर उतर कर संघर्ष को तेज करने के लिए मजबूर होगा। एक अन्य निर्णय में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अगर सरकार स्वर्ण आयोग के गठन के ऊपर कोई टाल मटोल करती है और समय रहते इसे लागू नहीं करती है तो आने वाले मध्यावधि चुनावों में संयुक्त मंच, सामान्य वर्ग समुदाय के लोगों को ग्राम स्तर तक जागरूक करके विरोध करेगा। साथ ही उन प्रत्याशियों को समर्थन देगा जो उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उनके साथ खड़ा होने का वायदा करेंगे। बैठक में हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में एससी एसटी एक्ट के तहत झूठे केसों के बढ़ने पर भी चिंता जताई गई।
बैठक के उपरांत सामान्य वर्ग संयुक्त मंच की निहरी इकाई का भी गठन किया गया, जिसमें खेम राज को प्रधान, दयाराम को उप प्रधान, भूप राज ठाकुर को महासचिव, हेम चन्द ठाकुर को कोषाध्यक्ष तथा कृष्ण कुमार को युवा अध्यक्ष बनाया गया। शेष कार्यकारिणी के गठन के लिए चयनित प्रधान एवं कार्यकारिणी सदस्यों को अधिकृत किया गया। बैठक में मंच के संयुक्त सचिव संतोष चन्देल, क्षेत्रीय युवा संयोजक सिद्धार्थ सेन, राजपूत सभा निहरी के प्रधान बोधराज ठाकुर, दिनेश सेन, युवा मोर्चा सुदंर नगर के प्रधान नंद लाल ठाकुर, इकाई महासचिव भूपेंदर ठाकुर, कटेरू ईकाई के सचिव जितेंद्र कुमार, महेश कुमार, तिलक शर्मा तथा दौलत राम चौहान आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
