Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार के जनमंच कार्यक्रम में बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह द्वारा एक नागरिक के साथ बदसलूकी करने की आलोचना की है। उन्होंने कहा है कि सार्वजनिक मंचों पर अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ जनमंच में उपस्थित लोगों का अपमान करना अब इनकी आदत बन गई है। उन्होंने कहा है कि महेंद्र सिंह सत्ता के नशे में चूर कुर्सी के अहंकार में डूब गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन हर्षवर्धन चौहान ने सोमवार को यहां कहा कि महेंद्र सिंह का आचरण न तो अधिकारियों के प्रति और न ही आम लोगों के प्रति सम्मानजनक है। पिछले दिनों कैबिनेट की बैठक में मुख्य सचिव के साथ उनकी बदसलूकी के बाद अधिकारी वर्ग भी उनके इस आचरण से आहत हैं।हर्षवर्धन ने मंडी जिला के करसोग में जनमंच में एक नागरिक के साथ बदसलूकी से बात करना व उनकी बात को न सुनना जनमंच के औचित्य पर ही सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह दिनोंदिन बेलगाम होते जा रहे हैं और मुख्यमंत्री जयराम इसे नजरअंदाज करते जा रहे हैं।

हर्षवर्धन ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि वह लोगों की समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। लोग बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से परेशान हैं। सरकार जनमंच कार्यक्रम करवा कर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने सरकारी धन के दुरुपयोग पर तुरंत रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि सरकार किसानों व बागवानो की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *