Spread the love

ऊना। बहुद्देशीय परियोजनाएं तथा ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने सोमवार को ऊना जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र के सलोह में 3.48 करोड़ रुपए की लागत से बने 33 केवी सब स्टेशन का लोकार्पण किया। इस सब स्टेशन के बनने से ग्राम पंचायत सलोह, घालूवाल, बढ़ेड़ा अप्पर व लोअर भदसाली में लो-वोल्टेज की समस्या से छुटकारा मिलेगा। इससे पहले ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढक्की में 79 लाख रुपए से बनने वाले 8 नए कमरों का शिलान्यास भी किया। 
ढक्की में जनसभा को संबोधित करते हुए सुखराम चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार जहां बिजली का दोहन करने के लिए प्रयासरत है, वहीं लोगों को कम वोल्टेज की समस्या से निजात दिलवाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार जन-जन को समय पर कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने तथा विभिन्न समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार पर करने के लिए दृढ़ संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लो वोल्टेज की समस्या से निपटने के लिए नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं तथा पुराने ट्रांसफार्मरों का स्तरोनयन भी किया जा रहा है। 
सुखराम चौधरी ने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ हरोली विधानसभा क्षेत्र में भी विद्युत लाइनों के लिए पहले से लगे जर्जर खंभों को बदलने का कार्य निर्धारित समय सीमा के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में उनके विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं को समयबद्ध सुलझाने के निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत बिना किसी आय सीमा के वृद्धावस्था पेंशन राशि को बढ़ाकर 1500 रुपए किया है। साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 850 रुपए, जबकि विधवाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन को बढ़ाकर 1000 रुपए किया गया है। अब पेंशन 70 वर्ष की आयु में मिल रही है तथा महिलाओं के लिए पेंशन प्राप्त करने की आयु घटाकर 65 वर्ष कर दी है। आने वाले समय में इस आयु सीमा को और कम किया जाएगा।
उधर, एचपीएसआईडीसी उपाध्यक्ष राम कुमार ने हरोली में बिजली विभाग का डिवीजन खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि हरोली में बहुत से उद्योग स्थापित हैं और नए उद्योग भी आ रहे हैं। इसके लिए यह बिजली विभाग का मंडल खोला जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार ने 700 ट्यूबवेल को बिजली के कनेक्शन प्रदान किए हैं, जिससे किसानों का खर्च कम हुआ है। उन्होंने कहा कि अभी भी लगभग 250 ट्यूबवेल के लिए बिजली की कनेक्शन की आवश्यकता है। 
ऊर्जा मंत्री ने राम कुमार की दोनों मांगों को स्वीकार किया तथा कहा कि डिवीजन खोलने के लिए वह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात करेंगे। वहीं, उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को हरोली विधानसभा क्षेत्र में 300 ट्यूबवेल को बिजली का कनेक्शन प्रदान करने के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *