रिकांगपिओ। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिंद्र गर्ग ने किन्नौर जिला के विभिन्न थोक, गोदाम एवं उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद्यान्न वस्तुओं की गुणवत्ता को भी जांचा तथा जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली व अन्य योजनाओं के तहत कार्ड धारक उपभोक्ताओं को दी जा रही वस्तुओं पर संतोष व्यक्त किया।
राजिंद्र गर्ग ने खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग किन्नौर को निर्देश दिए कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत खाद्यान्नों का वितरण निर्धारित गुणवत्ता व मापदंडों के अनुसार करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने विभाग को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को प्रदान की जाने वाली वस्तुओं को समय पर एक साथ उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री ने इसके उपरान्त विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी की। उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि खाद्यानों, एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित रूप से सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने थोक गोदाम, उचित मूल्य की दुकानों व गैस एजेंसियों के नियमित रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
गर्ग ने विभाग के अधिकारियों को खाद्यानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित तौर पर सैंपल लेने के भी निर्देश दिए।
जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले आदित्य बिंद्रा ने बताया कि जिले में 65 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से लोगों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली व राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि एक देश एक राशन कार्ड के तहत एक माह के भीतर 45 प्रवासी व्यक्तियों को खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित बनाया गया है।
