Spread the love

हमीरपुर। हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगू में 12 सितंबर को आयोजित किए जाने वाले जनमंच की अध्यक्षता जलशक्ति, राजस्व, बागवानी और सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर करेंगे। जिला एवं उपमंडल प्रशासन ने इस कार्यक्रम के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने बताया कि इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मालग, सनाही, बढेड़ा, बटराण, मंझेली, नौहंगी, बूणी और पनसाई की जनसमस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनमंच से पहले ही इन पंचायतों में जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्री-जनमंच कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने बताया कि प्री-जनमंच कार्यक्रमों के दौरान जन शिकायतों के निपटारे के साथ-साथ सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की मुहिम भी चलाई जा रही है।
उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे उक्त 8 ग्राम पंचायतों में आयोजित किए जा रहे प्री-जनमंच कार्यक्रमों में लोगों की समस्याओं का निपटारा करने के साथ-साथ सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करें, ताकि पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें। उपायुक्त ने बताया कि 12 सितंबर को जनमंच के दौरान जन समस्याओं के निपटारे के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र, जमीन के इंतकाल, लाइसेंस, बागवान कार्ड और अन्य दस्तावेज मौके पर ही तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग और आयुर्वेद विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा।  उन्होंने क्षेत्र की 8 पंचायतों के बाशिंदों से जनमंच कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *