हरनेड़ा में दोपहर के समय बस सेवा शुरू करने की योजना, सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए भूमि संबंधी औपचारिकताएं शीघ्र पूरा करें
धर्मशाला। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र की हरनेड़ा पंचायत के वार्ड नंबर-7 भरियाल में लोगों से रू-ब-रू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गांव में सामुदायिक भवन की मांग पर उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए संबंधित भूमि की औपचारिकताएं पूरी की जाएं, ताकि इसके निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हरनेरा के लिए दोपहर के समय बस सेवा शुरू करने की योजना है।
केवल सिंह पठानिया ने जिम से संबंधित मांग और एंबुलेंस सड़क के संबंध में ग्रामीण एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि लोगों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए उचित कदम उठाए जा सकें।
हरनेड़ा पंचायत की प्रधान मीनाक्षी ने विधायक का तिलक लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और पंचायत में पहुंचने पर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मीना राणा ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर पंचायत के पूर्व में रहे उपप्रधान अमर सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अमित डोगरा, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग विपुल, रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा, बलवीर, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत के वार्ड सदस्य और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
