Spread the love

ऊना। ऊना जिले में कोरोना वेक्सीन की सौ फीसदी पहली डोज लगाने वाली पंचायतों को ईनाम मिलेगा। हर विकास खंड की तीन-तीन पंचायतों को 5-5 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए डीसी ऊना राघव शर्मा ने सभी पात्र पंचायतों से संबंधित बीएमओ के पास दावा पेश करने को कहा है। 

उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने कहा कि जिला में सभी लाभार्थियों को शत-प्रतिशत पहली डोज़ लगाने वाली प्रत्येक विकास खंड की तीन-तीन ग्राम पंचायतों को 5-5 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने के लिए पंचायतें संबंधित बीएमओ के पास दावा कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि दावे के साथ पंचायत को उनके क्षेत्र में रह रहे प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर तथा आधार नंबर देना होगा। जिसे आशा वर्कर के माध्यम से सत्यापित किया जाएगा। खंड चिकित्सा अधिकारी दावे को कोविन सॉफ्टवेयर के माध्यम से सत्यापित करने के उपरांत सीएमओ को भेजेंगे, जिसे सत्यापन के बाद उपायुक्त कार्यालय को प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकास खंड में सबसे पहले सत्यापित होकर प्राप्त होने वाली ग्राम पंचायतों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। 

डीसी ने कहा कि 31 दिसंबर 2003 से पूर्व जन्मे सभी व्यक्ति  कोविड वैक्सीन की पहली खुराक लेने के लिए पात्र हैं, ऐसे में सभी पात्र व्यक्ति जल्द से जल्द नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर जाकर कोविड का टीका लगवाएं। उन्होंने कहा कि अब जिला प्रशासन ऊना स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर दूसरी डोज़ भी शत-प्रतिशत लगवाने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरी डोज़ लगने के बाद भी मास्क लगाएं तथा उचित दूरी का ध्यान रखें क्योंकि अभी भी विशेषज्ञ तीसरी लहर की आशंका जता रहे हैं तथा तीसरी लहर से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं, लेकिन जिलावासियों का सहयोग अपेक्षित है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed