पालमपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मानवाधिकार विभाग के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रदेश भाजपा सरकार और केंद्र सरकार तथा भाजपा के नेताओं सांसदों की करनी और कथनी में बहुत ही ज्यादा फर्क है। उन्होंने कहा कि लॉक डाउन के दौरान कुछ सांसद सिर्फ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करके लोगों का मन बहला रहे हैं, जबकि धरातल पर उन्होंने किसी भी गरीब आदमी वा प्रवासी मजदूर की कोई सहायता की है। यही नहीं, अभी देखने में आया है कि कांगड़ा जिले के बड़े बयानवीर नेता केवल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करके लोगों का मन बहला रहे हैं, जबकि धरातल पर वह गायब दिख रहे हैं।
चौहान ने कहा कि भाजपा का यह इतिहास आज का नहीं है, बल्कि बहुत पुराना है। उन्होंने कहा कि पिछले 20-25 साल के कार्यकाल में पूर्व सांसद ने जिला कांगड़ा के लिए कई घोषणाएं कर लोगों का मन बहलाया, लेकिन धरातल पर कोई अमलीजामा नहीं पहना पाए। संजय सिंह चौहान ने कहा कि कांगड़ा के भाजपा नेता जो बयानवीर के नाम से जाने जाते हैं, ने दलाईलामा से विवेकानंद हॉस्पिटल से गरीबों के नाम पर सबसे ज्यादा चंदा दिलवाया था। ऐसे में वह बताएं कि उन्होंने आज तक विवेकानंद हॉस्पिटल में कितने गरीब आदमियों को मुफ्त में इलाज करवाया गया है।
चौहान ने कहा कि पूर्व सांसद ने कई घोषणाएं की थी, जिसमें रेलवे लाइन व अपने समय में कई गांवों को गोद लेने की बात कही थी। वहीं, उन्होंने अपने कार्यकाल में जिला कांगड़ा क्षेत्र से किसी आदमी को कोई रोजगार दिलाया हो तो वह भी बताएं। उन्होंने कहा कि आज कोरोना काल में एक तरफ किसानों को अपनी फसल को तोड़ने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है, वहीं भाजपा के नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोगों का मन बहला रहे हैं। ऐसे में ये नेता यह बताएं कि उन्होंने अभी तक जनता की क्या मदद की है।
