Spread the love

शिमला। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बुधवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान के दृष्टिगत आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में देशभर के 33 प्रांतों/केन्द्र शासित प्रदेशों के 121 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एक दिवसीय यह प्रशिक्षण वर्ग पांच सत्रों में आयोजित किया गया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि हमें देश के दो लाख गांव में चार लाख हेल्थ वॉलिंटियर तैयार करने हैं और जो किसी भी संभावित कोविड वेव से समाज को जागरूक करने, समाज सेवा करने के लिए तत्पर हों। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सेवा ही संगठन है और हम सब इसी विचारधारा एवं दृष्टिकोण के साथ राष्ट्र सेवा में कार्यरत हैं।विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, जो राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान के संयोजक भी हैं, ने प्रशिक्षण वर्ग में कहा कि हमें गांव स्तर पर बनाए जाने वाले स्वास्थ्य स्वयं सेवकों को कोविड-19 के प्रति पूर्ण रूपेण जानकार बनाना है, ताकि वे अपने गांव, अपने मोहल्ले के आने क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक कर सकें।

डा. बिंदल ने कहा कि हमारा संगठन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में इस लक्ष्य को पूरा करेगा और कोरोना को हरा कर ही हम दम लेंगे। देशभर के 33 प्रांतों/केन्द्र शासित प्रांतों के 121 प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण शिविर में अपने सुझाव और विचार रखे। प्रशिक्षण शिविर में सभी प्रतिनिधियों को कोरोना की संभावित तीसरी वेव के दृष्टिगत प्रभावितों की सहायता और जानकारी प्रदान करने सम्बन्धी महत्वपूर्ण और लाभाकारी जानकारी उपलब्ध करवाई गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed