Spread the love


मंडी। 
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को मंडी जिले के करसोग विधानसभा क्षेत्र के तहत अशला व करसोग में लगभग 55 करोड़ रुपए की सड़क, जलापूर्ति, पुल और भवन निर्माण परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। उन्होंने अशला में जल जीवन मिशन के तहत 10 करोड़ 28 लाख रुपए की उठाऊ पेयजल योजना बैहना खड्ड से सराहन, तेबन, ग्वालापुर, बालीधार, सनारली, 2 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से उठाऊ पेयजल योजना शाहोट, नांज एवं चौरीधार, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 5 करोड़ 81 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सराहन से शनोग सड़क व शकैलड़ से तुमन सड़क में घोरली खड्ड पर 2 करोड़ 62 लाख रुपए के व्यय से बनने वाले पुल के शिलान्यास किए। उन्होंने 2 करोड़ 80 लाख रुपए के व्यय से निर्मित खड़ारगली-सोमाकोठी सड़क का उद्घाटन भी किया।मुख्यमंत्री ने करसोग में एक करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से निर्मित विषय विशेषज्ञ, बागवानी कार्यालय भवन, 16 करोड़ रुपए की लागत से बखरोट-सनारली-केलोधार-लुहरी सड़क के विस्तारीकरण कार्य, 4 करोड़ 55 लाख रुपए से बनने वाली ममेल-भनेरा सड़क व एक करोड़ 4 लाख रुपए की लागत से बनने वाले उप कोषागार कार्यालय का शिलान्यास किया। उन्होंने 2 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से तैयार दबरोट-महानधी सड़क, 85 लाख रुपए की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन सेरी बंगलो तथा 4 करोड़ 43 लाख रुपए की लागत से निर्मित सेरी-माहाबण सड़क का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अशला और करसोग में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कि कहा कि करसोग विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 51 पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिन पर लगभग 77 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च की जा रही है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान करसोग क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 42 करोड़ रुपए की लागत से 13 सम्पर्क सड़कों का निर्माण किया गया है। क्षेत्र में नाबार्ड के तहत 36 किलोमीटर सड़कों के निर्माण पर लगभग 27 करोड़ रुपए की राशि खर्च की गई, जबकि राज्य योजना के तहत सड़कों व पुलों के निर्माण पर लगभग 16 करोड़ रुपए की राशि खर्च की गई है।
जयराम ठाकुर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अशला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने, अशला में पशु औषधालय खोलने, उच्च विद्यालय रिछणी को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने, माध्यमिक विद्यालय  बाग चौवासी को उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने तथा क्षेत्र के तीन सम्पर्क मार्गो के निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपए देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पिछले साढ़े तीन सालों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 12,802 मामले स्वीकृत किए गए, जबकि 70 वर्ष से अधिक आयु के 5824 लोगों को पेंशन प्रदान करने पर 2 करोड़ 62 लाख रुपए की राशि खर्च की गई। गृह निर्माण के तहत एक करोड़ 28 लाख रुपए खर्च किए गए। एकीकृत बागवानी मिशन के तहत इस अवधि में 88 लाख रुपए खर्च कर 499 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत एक करोड़ 36 लाख रुपए खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि करसोग में लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से बस अड्डे का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। 
इस अवसर पर करसोग के विधायक हीरा लाल ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यो की जानकारी दी। उन्होंने करोड़ों रुपए की परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को लाभान्वित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। भाजपा मंडलाध्यक्ष करसोग कुंदन सिंह ठाकुर सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता तथा पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *