शिमला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश भाजपा के नेताओं को उपचुनावों से पहले चार्ज किया। नड्डा ने कुल्लू में मंडी भाजपा संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक में उनसे तीनों उपचुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए समर्पण और समन्वय के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
जगत प्रकाश नड्डा ने कुल्लू के देव सदन में हुई मंडी भाजपा संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक में जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से दो विधानसभा क्षेत्रों और एक लोकसभा चुनाव क्षेत्र के लिए होने जा रहे उप-चुनावों के लिए कमर कसने और पूरी ताकत के साथ चुनाव में उतरने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से उजागर करना चाहिए, ताकि भाजपा को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि वे नए जोश के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं और उन्हें अपने नेतृत्व की आकांक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए। जेपी नड्डा ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से अस्पतालों का दौरा करने और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग भाग्यशाली हैं कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश से हैं। इस प्रकार यह प्रदेश के लोगों पर एक बड़ी जिम्मेदारी है कि वे उस राजनीतिक दल को अपना भरपूर सहयोग दें, जिसकी अध्यक्षता यहां के धरती पुत्र कर रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि लगभग डेढ़ वर्ष कोविड महामारी के प्रतिकूल प्रभाव के बावजूद प्रदेश सरकार का साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। लाॅकडाउन और कोविड मामलों में वृद्धि के बावजूद प्रदेश सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि विकास की गति निर्बाध रूप से जारी रहे। प्रदेश के सभी लोकसभा चुनाव क्षेत्रों और उसके उपरांत दो उप-चुनावों में भाजपा की जीत इस बात का प्रमाण है कि वर्तमान राज्य सरकार ने बेहतरीन कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थानों और स्थानीय शहरी निकायों के चुनावों में भी भाजपा का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की पूर्व कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल और वर्तमान सरकार के साढ़े तीन वर्ष की कोई तुलना नहीं हो सकती, क्योंकि वर्तमान सरकार ने सभी क्षेत्रों में विकास की गति को बढ़ाया है। पूर्व कांग्रेस सरकार ने पहली जनवरी, 2013 से 30 जून, 2016 तक अपने पहले साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में 1585 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया, जबकि वर्तमान सरकार ने पहली जनवरी, 2018 से 30 जून 2021 तक 2951 किलोमीटर सड़कें निर्मित की। इसी प्रकार पूर्व कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान 3309 किलोमीटर सड़कों की टारिंग की, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने अभी तक 5354 किलोमीटर सड़कों की टारिंग की है। पूर्व सरकार के समय में 145 पुलों का निर्माण किया गया और 261 गांवों को सड़क सुविधा प्रदान की गई, जबकि वर्तमान सरकार 216 पुलों का निर्माण कर चुकी है और 305 गांवों को सड़कों से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में नाबार्ड के तहत 1460 करोड़ रुपए की 333 परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जबकि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 886.44 करोड़ रुपए की 226 परियोजनाएं मंजूर हुई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय सड़क अधोसंरचना फंड के तहत 941.66 करोड़ रुपए की 40 परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जबकि पूर्व कांग्रेस सरकार केवल 301.53 करोड़ रुपए की परियोजनाएं ही स्वीकृत करवा पाई थी। इसी प्रकार प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत वर्तमान सरकार ने 2801 करोड़ रुपए की 624 परियोजनाएं स्वीकृत करवाने में सफलता प्राप्त की है, जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में केवल 1182 करोड़ रुपए की 431 परियोजनाएं मंजूर हुई थीं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि जन मंच और मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन जैसी योजनाएं राज्य के लोगों की शिकायतों के निवारण में वरदान साबित हो रही हैं। मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत पात्र परिवारों को 3.15 लाख गैस कनेक्शन वितरित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, हिमकेयर तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत लाखों व्यक्तियों को स्वास्थ्य देखभाल सुविधा प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लम्बे समय से बीमार रोगियों के परिवार को सहारा योजना के तहत 3000 रुपए प्रदान किए जा रहे हैं। इस योजना पर 30.57 करोड़ रुपए व्यय किए जा चुके हैं, जिससे 14,260 व्यक्ति लाभान्वित हुए हैं।
सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का स्वागत किया। उन्होंने राज्य में पार्टी का आधार मजबूत करने के लिए भाजपा द्वारा चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नौ जिला परिषदों, 67 पंचायत समितियों, चार में से दो नगर निगमों और कुल 29 नगर पंचायतों में से 18 पर विजय प्राप्त की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोविड महामारी के दौरान जरूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान की है।
जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डाॅ. राम लाल मारकंडा, शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर, राज्य भाजपा के सह-प्रभारी संजय टंडन, विधायक सुरेंद्र शौरी, किशोरी लाल, हीरा लाल, राकेश जमवाल, विनोद कुमार, जवाहर ठाकुर एवं इंद्र सिंह गांधी, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, संगठन सचिव पवन राणा, मुख्यमंत्री के ओएसडी शिशु धर्मा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल सहित क्षेत्र के अन्य स्थानीय नेता भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
