कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला में बुधवार को दर्दनाक हादसा पेश आया है। कुल्लू जिले के डोभी में एक पैराग्लाइडर क्रैश हो गया है, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है। इनमें पर्यटक और पायलट शामिल हैं। इनकी पहचान पैराग्लाइडर पायलट कृष्ण गोपाल और पर्यटक आदित्य, अंबाला कैंट, हरियाणा निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पैराग्लाइडिंग टेक ऑफ साइट से उड़ान भरने के दो मिनट बाद ही क्रैश हो गया। बताया जाता है कि इस दौरान मौसम एकदम खराब हुआ और तेज हवाएं चलने लगी। इस कारण पायलट और पर्यटक वहीं गिर गए। इस हादसे में पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया। पायलट को गंभीर अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया था, लेकिन उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। क्षेत्रीय अस्पताल में दोनों मृतकों के पोस्टमार्टम करवाए गए हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
