Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह से शिक्षकों के खिलाफ उनकी अभद्र टिप्पणी पर माफ़ी मांगने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक मंत्री ने शिक्षकों का ही नहीं, अपितु सारे समाज का अपमान किया है। उनके बयान से शिक्षकों के प्रति छात्रों में भी एक गलत और उनका अपमानजनक संदेश गया है, जो सहन नहीं किया जा सकता।

कुलदीप सिंह राठौर ने सोमवार को यहां मीडिया से बातचीत में कोरोना काल में शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सेवाओं को देखते हुए सरकार ने उन्हें प्रथम पंक्ति के कोरोना योद्धाओं का दर्जा दिया है। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह की शिक्षकों पर की गई उनकी टिप्पणी बहुत ही निदनीय है। राठौर ने कहा कि कोरोना काल में शिक्षकों ने पूरी ईमानदारी के साथ अपना दायित्व निभाते हुए ऑनलाइन कक्षाएं लेकर बच्चों को पढ़ाया है। ऐसे में मंत्री के बयान ने उनके मनोबल पर विपरीत असर डाला है। उनका यह बयान पूरी तरह से गैरजिम्मेदाराना और उनकी ओछी मानसिकता का परिचय है, जिसमें उन्होंने कहा था कि शिक्षकों को फ्रंट लाइन वर्कर बनाया गया है, लेकिन कोरोना संकट में सबसे ज्यादा मजे शिक्षकों ने किए हैं और उस समय उन्होंने क्या काम किया, उन्हें पता नही और ये तो ईश्वर ही जानता है। राठौर ने कहा कि महेंद्र सिंह हमेशा ही सुर्खियों में रहने के लिए अनाप-शनाप बयानबाजी करते रहते हैं। अधिकारियों, कर्मचारियों व आम लोगों को डराना धमकाना उनकी आदत है। पिछले दिनों मुख्य सचिव, जो अपनी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते हैं, के साथ उनकी बदसलूकी भी चर्चा में रही है। उन्होंने कहा कि चुने हुए विधायक का इस प्रकार का आचरण व व्यवहार बहुत ही निंदनीय है।
राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इस बारे कड़ा संज्ञान लेने और अपने इन नेताओं को अपनी हद में रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, भाजपा नेताओं के इस आचरण की भर्त्सना करती है। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान में भी, जिसमें उन्होंने कांग्रेस के बिखराव की बात कही है, पर प्रतिकार करते हुए कहा कि उन्हें कांग्रेस की नहीं, अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भारी दबाव में है, जिनके नियंत्रण में न तो उनके मंत्री है, न ही नेता और न ही प्रशासन। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जल्द ही कोरोना काल में प्रदेश हुए भाजपा के घोटालों को उजागर करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ भाजपा की जनविरोधी नीतियों व निर्णयों का डट कर विरोध कर रही है, जिसमें उन्हें लोगों का भारी जनसमर्थन मिल रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र सरकार द्वारा राफेल खरीद घोटाले पर जेपीसी जांच की मांग करते हुए फ्रांस सरकार द्वारा इसकी न्यायिक जांच शुरू करने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि राफेल डील में बहुत बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है और जांच के बाद अब सच सामने आएगा।
राठौर ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व अन्य कांग्रेस नेताओं ने राफेल डील की जेपीसी मांग की थी, लेकिन सरकार ने नहीं मानी। उन्होंने कहा कि अब फ्रांस सरकार द्वारा शुरू की गई जांच के बाद अब इसमें हुए भ्रष्टाचार की पूरी पोल खुलेगी। उन्होंने कहा कि जांच के बाद भाजपा के भ्रष्टाचार में चेहरे बेनकाब होंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed