Spread the love

आनी। जल शक्ति, राजस्व, बागवानी और सैन्य कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा है कि कुल्लू जिले के आनी विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के तहत करीब 300 करोड़ की विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जाएगा। इसमें से कुछ योजनाओं पर कार्य शुरु कर दिया गया है और कुछ योजनाओं को जल्द स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू किया जाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में प्रस्तावित योजनाओं को जल्द सिरे चढ़ाया जाएगा। वे आनी विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दूसरे दिन विभिन्न कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। महेंद्र सिंह ठाकुर ने आनी विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दूसरे दिन क्षेत्र को करोड़ों रुपए की योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने जहां विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया, वहीं नित्थर क्षेत्र के लिए जल्द 15 करोड़ रुपए की पेयजल योजना का जल्द शिलान्यास करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि नित्थर क्षेत्र के लिए इस योजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के द्वारा किया जाएगा। दलाश क्षेत्र के लिए भी उन्होंने इसी तरह की योजना की घोषणा की और इस संबंध में जल्द से जल्द डीपीआर बनाने के निर्देश दिए। वहीं, आनी खड्ड को भी उन्होंने तटीकरण करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए और इस पर जल्द कार्रवाई करने को कहा।
नित्थर क्षेत्र में महेंद्र सिंह ने एसजेवीएनएल से जुड़े मुद्दों को सुलझाने का भरोसा दिया। निरमंड में एसडीएम कार्यालय खोलने की मांग पर उन्होंने एक बार फिर मुख्यमंत्री के समक्ष मामला उठाने की बात कही। वहीं, नित्थर पीएचसी का दर्जा बढ़ाकर सीएचसी करने को लेकर भी उन्होंने मामला सरकार तक पहुंचाने का वादा किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आनी और निरमंड नगर पंचायत में सीवरेज सुविधा प्रदान करने के लिए जल्द डीपीआर बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को लटकाने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए। जलशक्ति मंत्री ने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री का विशेष लगाव है, इसके चलते आनी विधानसभा क्षेत्र की योजनाएं उनकी प्राथमिकता में शामिल है। सैंज लूहरी औट एनएच के लिए उन्होंने 1563 करोड़ अनुमानित डीपीआर विचाराधीन होने की बात कही और कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सक्षम नेतृत्व में सरकार इसे जल्द स्वीकृत करने में सफल होगी।
इस मौके पर विधायक किशोरी लाल सागर ने विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं और योजनाओं को प्राथमिकता देने के लिए मंत्री महेंद्र ठाकुर का आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का भी आभार जताया और जल्द ही मुख्यमंत्री के विधानसभा दौरे की जानकारी भी लोगों से सांझा की। आनी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में एपीएमसी अध्यक्ष अमर ठाकुर, मंडलाध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, मुख्य अभियंता जल शक्ति विभाग धर्मेंद्र गिल, एसडीएम आनी चेत सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और लोग उपस्थित रहे। 10 से 15 लाख में एंटी हेल गन में उपलब्ध करवाने पर हो रहा विचार 
दलाश के साथ लगते कंडागई क्षेत्र में बागवानों की एंटी हेल गन की मांग पर मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि विभाग स्वदेशी एंटी हेल गन पर विचार कर रही है। इसके लिए एक संस्थान और नौणी विश्वविद्यालय के साथ शोध चल रहा है। यदि यह सफल रहा तो एंटी हेल गन 10 से 15 लाख रुपए में बागवानों को उपलब्ध हो जाएगी। 10 से 15 बागवानों मिलकर इस गन को खरीद सकेंगे। सरकार का इसके लिए 80 फीसदी अनुदान देने का भी विचार है। उन्होंने 15 दिन के भीतर लंबित एंटीहेल नेट्स का अनुदान जारी करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। 

इन योजनाओं का किया शिलान्यास
महेंद्र सिंह ठाकुर ने नित्थर क्षेत्र में देहरा पंचायत के लिए 1.09 करोड़ रुपए की योजना जल जीवन मिशन के तहत शिलान्यास किया। इसके पश्चात उन्होंने दलाश में निशानी कुईकोड योजना जिसकी लागत 2.31 करोड़ रुपए है, का शिलान्यास किया। इससे 1211 लोगों को सीधा लाभ होगा। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत दलाश में पेयजल योजना का भी शिलान्यास किया। इसकी लागत 51.16 लाख रुपए है। इससे 2841 लोगों को लाभ होगा। शवाड़ में भी महेंद्र ठाकुर ने बिश्लाधार मुहान रोपा योजना का शिलान्यास किया। इसकी लागत 2.50 करोड़ रुपए है। पेयजल योजना टिप्पड़ पोखर, कराड़, बागी, बाड़ा, शिल्ही रोपा का शिलान्यास भी किया गया, इसकी लागत 2.79 करोड़ रुपए है। इन योजनाओं से भी हजारों लोगों को फायदा होगा। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *