शिमला। प्रदेश कांग्रेस ने हिमाचल भाजपा के तीन दिवसीय मंथन शिविर की कटाक्ष करते हुए कहा है कि एक तरफ प्रदेश गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है और भाजपा प्रदेश में तीन उपचुनावों की रणनीति बनाने में लगी है। उसने कहा कि भाजपा को प्रदेश की नहीं, सत्ता की ज्यादा चिंता है। भाजपा का इस चिंतन शिविर में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर कोई चिंतन नहीं हुआ और चर्चा केवल केवल चुनावों तक ही सीमित रही है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान ने वीरवार को यहां पेट्रोल व डीज़ल के मूल्यों में हर रोज हो रही बढ़ोतरी पर केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया और आरोप लगाया कि सरकार देश के लोगों को दोनों हाथों से लूट रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ कोरोना की मार, दूसरी तरफ जरूरी खाद्यान्न वस्तुओं की बढ़ती महंगाई व डीज़ल-पेट्रोल के हर रोज बढ़ते दामों ने विशेष कर मध्यम वर्ग के लोगों के जीवन पर व्यापक असर डाला है और सरकार अपनी तिजोरी भरने में लगी है।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पूर्व यूपीए सरकार के समय जब पेट्रोल व डीज़ल के दाम 5 व 10 पैसे भी बढ़ जाते थे, तो आज सत्ता पर बैठे भाजपा के ये नेता बड़े-बड़े ढोल पीटते नहीं थकते थे। आज यही नेता इस बढ़ती महंगाई पर खामोश बैठे हैं, व हर रोज इसके दामों में वृद्धि कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में भारी कमी के बावजूद देश में इसके दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय गैस सिलेंडर 350 रुपए में उपलब्ध होता था, आज यही गैस सिलेंडर 906 रुपए का मिल रहा है। वहीं, अब इसकी सब्सिडी भी नाम मात्र की रह गई है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि तेल कंपनियों के साथ सांठ-गांठ के चलते हर रोज इसके मूल्यों में बढ़ोतरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले साल इन तेल कंपनियों ने कोरोना काल में 50 हजार करोड़ से अधिक का मुनाफा कमाया है। उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आज देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त होकर रह गई है। देश की विकास दर निम्न स्तर से भी नीचे चली गई है और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है।
हर्षवर्धन ने प्रदेश सरकार के कामकाज पर भी असंतोष जताया और कहा कि जयराम सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि इस सरकार का न तो कोई विजन है और न ही कोई सोच है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीन उपचुनावों के दृष्टिगत अब इसकी चिंतन बैठकों का दौर शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को इन उपचुनावों में मुंह की खानी पड़ेगी।प्रदेश में महंगाई व जयराम सरकार की अकुशलता ही सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा। कांग्रेस इन चुनावों में जीत हासिल करेगी।
