शिमला। प्रदेश भाजपा महामंत्री एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी लाचार है। जम्वाल ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को साइकल पर भी कार्यकर्ताओं का सहारा लेना पड़ा है। इससे साफ दिखता है कि कांग्रेस पार्टी को पूरे देश और प्रदेश में सहारे की आवश्यकता है और उसके बिना चल पाना असम्भव है।
जम्वाल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति दयनीय दिखाई दे रही है। कांग्रेस पार्टी की ज़मीन खिसक रही है और कई प्रदेशों में जो चुनावी परिणाम आए हैं, उसमें वह खाता भी नहीं खोल पाई है। धीरे-धीरे कांग्रेस का वर्चस्व पूरे देशभर में समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिस प्रकार से पूरे प्रदेशभर में शुक्रवार को धरना प्रदर्शन किए, उस रैली के लिए उनको चंद ही साइकिल प्राप्त हो पाई। उनका कहना था कि लोगों का इस कार्य में भी कांग्रेस को सहयोग नहीं मिल रहा है, क्योंकि उनको पता है कि धरातल पर कौन जनता के लिए काम कर रहा है। जनता जागरूक है और उनको सही मायने में इस चीज का पूर्ण ज्ञान है कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लगातार सकारात्मक कार्य कर रही है।
त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस केवल शोर मचाने में आगे और काम करने में विफल साबित हुई है। कोविड-19 संकटकाल में भी कांग्रेस की परफॉर्मेंस जीरो रही है और जनता के बीच उनकी किसी भी प्रकार की जनसेवा के कार्य सामने नहीं आए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना को हराने में सफल रही जयराम सरकार आज प्रदेश में किसी भी प्रकार की व्यवस्था की कमी नहीं है। आज प्रदेश में भरपूर ऑक्सीजन, वैक्सीन और बेड उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न तो नेता है और न ही नीयत है। कांग्रेस पार्टी किसी भी प्रकार से काम नहीं करना चाहती है। वह केवल पोस्टर फाड़ने की राजनीति में आगे है और प्रदेश में जो सकारात्मक वातावरण बना है, उसको बिगाड़ने में लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास दूरदर्शिता नहीं है। उनके द्वारा किए जा रहे धरने केवल पब्लिसिटी स्टंट है।
