शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश मामलों के नव नियुक्त सह प्रभारी संजय दत्त 8 जून से 13 जून तक शिमला में डेरा डालेंगे। इस दौरान वह पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर प्रदेश कांग्रेस का हाल जानेंगे। संजय दत्त की कुछ दिन पहले ही हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी के रूप में तैनाती हुई है और नियुक्ति के तुरंत बाद उन्होंने हिमाचल का दौरा शुरू कर दिया है।
प्रदेश कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने सोमवार को यहां बताया कि संजय दत्त प्रदेश मामलों के सह प्रभारी बनने के बाद पहली बार शिमला आ रहे हैं। इस दौरान वह संगठन के कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।हिमराल ने बताया कि 8 जून को संजय दत्त सायं 4 बजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व उसके पश्चात सायं 5 बजे कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री से भेंट करेंगे।
संजय दत्त 9 जून को प्रातः 9.30 बजे से कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में विधायकों के साथ मंत्रणा के बाद दोपहरबाद 2.30 बजे से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंत्रणा करेंगे। वहीं वे 10 जून को सुबह 9 .30 बजे से सायं 7 बजे तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। वे 11 जून को सुबह 9.30 बजे से 1 बजे जिलाध्यक्षों के साथ तथा 2 बजे से ब्लॉक अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे।
हिमराल ने बताया कि संजय दत्त 12 जून को प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के साथ बैठक के बाद मीडिया प्रभारियों व उसके बाद विभागों के प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई व सेवादल के प्रमुखों के साथ मंत्रणा करेंगे। वे 13 जून को दत्त पार्टी की गतिविधियों को देखने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर व प्रतिपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री के साथ एक बैठक करेंगे।
