शिमला। राजधानी शिमला के बीचोंबीच स्थापित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल को कोविड-19 अस्पताल बनाने के सरकार के फैसले का विरोध होने लगा है। शहर में भारी भीड़ के बीच कोरोना संक्रमण का अस्पताल स्थापित करने को लेकर लोगों में रोष है। इसे लेकर स्थानीय व्यापारियों में भी खासी नाराजगी है। इसे लेकर व्यापारियों ने डीसी शिमला अमित कश्यप के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजा है। इसमें उन्होंने मांग की है कि सरकार अपने इस फैसले पर फिर से विचार करे।
शहर के कारोबारी हरजीत सिंह मंगा की अध्यक्षता में मलकीत सिंह समेत शिमला के स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने ज़िलाधीश शिमला अमित कश्यप के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजा है। इसमें उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि शिमला शहर के मध्य स्थित (दीनदयाल उपाध्याय ज़ोनल अस्पताल को प्रमुख covid-19 केंद्र के रूप में स्थापित न किया जाए। उन्होंने कहा कि covid-19 केंद्र के लिए डीडीयू के बजाय किसी और उपयुक्त स्थान के चयन किया जाए। हरजीत मंगा ने कहा कि covid-19 केंद्र किसी भी घनी आबादी क्षेत्र से दूर हो, ताकि इस कारण आम जनसाधारण को मुश्किलों का सामना न करना पड़े।
