Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने रविवार को शिमला जिले के ठियोग व जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में बर्फबारी व ओलावृष्टि से हुए सेब के बगीचों के नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित बागवानों से बातचीत कर उन्हें प्रदेश सरकार से नुकसान की भरपाई का मामला उठाने का भरोसा भी दिलाया। राठौर ने कंडयाली, कैंथला मोड़, नारकंडा, नगरोटा सिंहल, बाघी, कोटखाई, जरोल, करालटी, दोजा, मधावनी में प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर बागवानों से बातचीत भी की।
राठौर ने कहा कि वे इस बारे मुख्यमंत्री से मिलकर बागवानों के इस प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की पूरी जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि एक बागवान होने के नाते वे किसानों व बागवानों का दर्द भली भांति समझ सकते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से शिमला, किन्नौर, मंडी, कुल्लू, लाहौल-स्पीति में बर्फबारी से हुए नुकसान का जायजा लेने को कहा है। उन्होंने बागवानों को मुआवजा देने की मांग करते हुए कहा कि सेब की पूरी फसल बर्बाद हो चुकी है। इस भारी बर्फबारी से बागवानों के सेब के पौधे भी नष्ट हो चुके हैं और आने वाले कई सालों तक सेब की पैदावार भी कम होगी।

कुलदीप राठौर ने भारी बर्फबारी, ओलावृष्टि व वर्षा से सेब, नाशपाती, गुठलीदार फल व अन्य फसलों व बागीचों की भारी क्षति का आकलन करने व प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग सरकार से की है। उन्होंने बागवानों से कहा कि वे जल्द ही किसानों व बागवानों की परेशानी को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलेंगे और किसानों व बागवानों के दुख दर्द को बयां करेंगे। इस दौरान राठौर के साथ ठियोग ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष कंवर नरेंद्र सिंह, जुब्बल-कोटखाई ब्लॉक अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, महिला कांग्रेस महासचिव पुष्पा शोभटा, रूपेश कंवल, नरेश कैंथला, शेर सिंह के अतिरिक्त पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *