Spread the love

मंडी। प्रदेश रेडक्रॉस सोसायटी की उपाध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सभी से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चों-युवाओं को नशे की बुराई से बचाने के लिए परिवार के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए आवश्यक है हम सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। वे शनिवार को मंडी जिला प्रशासन व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से थुनाग में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित एक दिवसीय जागरूकता शिविर की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। डॉ. साधना ठाकुर ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए भारत सरकार ने नशा मुक्त भारत अभियान छेड़ा है, ताकि भारत की युवा शक्ति व्यर्थ नष्ट न हो, बल्कि राष्ट्र निर्माण में लगे। उन्होंने इस अभियान को सफलतापूर्वक चलाने के लिए जिला प्रशासन एवं समाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा अन्य विभागों के सहयोग से किए महत्वपूर्ण एवं सराहनीय प्रयासों की तारीफ की। 
डॉ. साधना ठाकुर ने कहा कि केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने समूचे भारत में 272 संवेदनशील एवं प्रभावित जिलों को चिन्हित कर नशा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि पिछ्ले साल 15 अगस्त से शुरू किए गए इस अभियान में नशीली दवाओं के सेवन के दुष्परिणामों को लेकर शिक्षित करने के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों के तहत स्कूलों-कॉलेजों, विश्वविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में कार्यशालाओं एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन कर नशे के खिलाफ अलख जगाने का प्रयास किया जा रहा है। यह गतिविधियां 15 अगस्त 2021 तक जारी रहेंगी।
डॉ. ठाकुर ने इस बात पर हर्ष जताया कि समाज कल्याण विभाग की गृह अनुदान योजना, जिसे अब स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के नाम से जाना जाता है, के तहत जिला मंडी में पिछले 3 वर्षों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व अन्य पिछड़ा वर्ग के कुल 1174 लाभार्थियों को नए मकान बनाने तथा मरम्मत के लिए कुल 16 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि प्रदान की गई है। अनुवर्ती कार्यक्रम के तहत 3 वर्षों में 3362 पात्र लाभार्थियों को सिलाई मशीनें एवं औजार प्रदान किए गए हैं। इसके लिए सरकार द्वारा विभाग के माध्यम से 60 लाख रुपए से अधिक की राशि व्यय की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 3 वर्षों में 850 दिव्यांग छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए 80 लाख 26 हजार रुपए की राशि व्यय की गई है। 
डॉ. साधना ठाकुर ने इस मौके पर मुख्यमंत्री राहत कोष राशि के 33 लाभार्थियों को 7 लाख 97  हजार, ऐच्छिक निधि से 30 लाभार्थियों को 5 लाख 60 हजार, अनुवर्ती कार्यक्रम के तहत 45 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना 2020 -21 के तहत 18 लाभार्थियों को 75000 की प्रथम किश्त के रिलीज ऑर्डर वितरित किए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा 107 सेमिनार का आयोजन किया जा चुका है। इनमें लगभग 350 लेक्चर दिए गए। इन सेमिनार में लगभग 90 हजार युवाओं एवं बच्चों ने ऑनलाइन या व्यक्तिगत रूप से भाग लिया। सोशल मीडिया के माध्यम से 3 लाख लोगों को इस अभियान के साथ जोड़ा गया और  इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा 500 से अधिक जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
जतिन लाल ने कहा पुलिस विभाग द्वारा 14 पुलिस थानों में लगभग 800 पुलिसकर्मियों ने इस अभियान के तहत अपनी सक्रिय भागीदारी की और 250 से अधिक गतिविधियों का आयोजन किया। 300 से अधिक चालकों को अभियान के तहत हर तरह के नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। जिला की 300 पंचायतों ने भांग उखाड़ अभियान के तहत लोगों को जागरूक करना तथा पंचायतों के लगभग 2000 गांव तक इस अभियान को पहुंचाया गया। विभिन्न विद्यालयों में 18 छात्र क्लबों का  गठन किया गया 3000 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, 1250 आशा कार्यकर्ताओं, 54 महिला मंडलों ने अभियान को ग्रामीण स्तर पर पहुंचाने के लिए अहम भूमिका निभाई।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी आर.सी. बंसल ने अभियान के तहत आयोजित विविध गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से अपील की कि इन योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ लें। किसी भी जानकारी को लेकर जिला कल्याण अधिकारी अथवा तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के उपसचिव नरेश शर्मा, बीडीसी के चेयरमैन देवेंद्र रावत, जिला परिषद सदस्य खेम दासी, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गुलजारी लाल, पितांबर ठाकुर, सीडी बैंक चेयरमैन कमल राणा, भाजपा महामंत्री भीषण ठाकुर ,टीकम ठाकुर, ग्राम पंचायत प्रधान धनेश्वर, आईएएस प्रोफेशनल शहजाद आलम, एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल, सीएमओ मंडी देवेंद्र शर्मा, चीफ आर्किटेक्ट एनएल चंदेल,रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव ओपी भाटिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *