शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों में भाजपा द्वारा जीत के दावे को पूरी तरह से नकार दिया है। उन्होंने कहा है कि जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के गृह जिला बिलासपुर के घुमारवीं में और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के घर सुजानपुर में उनके प्रधान तक चुनाव हार गए तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राज्य में अपनी किस लोकप्रियता का राग अलाप रहे हैं।
राठौर ने बुधवार को यहां कहा कि भाजपा नगर निकाय व पंचायती राज संस्थाओं में अपनी जीत के झूठे दावे कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राज्य सरकार के तीन साल की सफलताओं का झूठा गुणगान करते फिर रहे है। प्रदेश की समस्याओं को नजरअंदाज कर लोगों का ध्यान बांटने की पूरी कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन रहा है।
राठौर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार अब नगर निकायों की सत्ता हथयाने के लिए दवाब बनाकर कांग्रेस व निर्दलीयों को डराने का पूरा प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वीरवार को होने वाले तीसरे व अंतिम चरण के पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव परिणाम से पहले ही भाजपा बौखलाहट में है। उन्होंने कहा कि इस चरण में भी कांग्रेस समर्थित लोग जीत कर आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने अब भाजपा को सत्ता से बाहर करने का अपना पूरा मन बना लिया है और इसका आगाज नगर निकाय चुनावों से शुरू हो चुका है।
