शिमला। शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा ने वीरवार को ताराहॉल एवं लोअर कैथू में आयोजित कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान ताराहॉल में सामुदायिक भवन एवं सब हेल्थ सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया गया, वहीं लोअर कैथू में नगर निगम पार्षद कार्यालय का लोकार्पण किया गया। दोनों कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों ने विधायक का जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा ने कहा कि स्थानीय जनता के आग्रह और प्रदेश सरकार के सहयोग से कैथू वार्ड में लगभग 5.5 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं तथा 84 से अधिक कार्य प्रगति पर हैं। सामुदायिक भवन और सब हेल्थ सेंटर जैसी सुविधाएं क्षेत्रवासियों के लिए उपयोगी साबित होंगी, वहीं पार्षद कार्यालय के माध्यम से स्थानीय लोगों को अपनी समस्याएं रखने और उनके समाधान के लिए एक सुविधाजनक मंच मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनता द्वारा विकास कार्यों के लिए व्यक्त किए गए आभार और स्नेह का सम्मान करते हुए जनारथा ने कहा कि जनता की सेवा करना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना उनका प्रथम दायित्व है।
इन कार्यक्रमों में महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, स्थानीय पार्षद कांता सुयाल सहित अन्य पार्षदगण एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। विधायक ने सभी क्षेत्रवासियों के स्नेह, सहयोग और विश्वास के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
